NEET PG 2025 परीक्षा अब पूरे देश में 15 जून को एक ही पाली में आयोजित की जाएगी. सुप्रीम कोर्ट ने 30 मई को हुई सुनवाई में यह बड़ा फैसला सुनाया. इससे पहले परीक्षा दो पालियों में कराने की योजना बनाई गई थी, लेकिन इस निर्णय को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने कहा कि परीक्षा केवल एक ही शिफ्ट में आयोजित होनी चाहिए, ताकि पारदर्शिता और समानता बनी रह सके.
सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) को निर्देश दिया कि वह परीक्षा के आयोजन में पारदर्शिता सुनिश्चित करे. अदालत ने कहा कि बोर्ड के पास अब भी पर्याप्त समय है कि वह परीक्षा केंद्रों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं कर सके. कोर्ट ने NBE के उस तर्क को भी खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि केंद्रों की पहचान और व्यवस्थाओं में समय लग सकता है, जिससे परीक्षा में देरी हो सकती है.
NEET PG 2025 का आयोजन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में 15 जून को किया जाएगा. यह परीक्षा मेडिकल स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए बेहद अहम मानी जाती है. देशभर से हजारों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं, ऐसे में एक पाली में परीक्षा कराना सभी के लिए निष्पक्षता और समान अवसर सुनिश्चित करेगा.
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 2 जून को एग्जाम सिटी स्लिप भेजी जाएगी. खास बात यह है कि सिटी स्लिप आधिकारिक वेबसाइट पर नहीं आएगी, बल्कि इसे उम्मीदवारों के रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजा जाएगा. इसमें उम्मीदवार को यह जानकारी मिलेगी कि उसे किस शहर में परीक्षा देनी है.
NEET PG 2025 का एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले जारी किया जाएगा. इसे उम्मीदवार NBE की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in से डाउनलोड कर सकेंगे. डाउनलोड करने के लिए एप्लिकेशन नंबर और जन्मतिथि की आवश्यकता होगी. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा. First Updated : Friday, 30 May 2025