PM आवास पर गरमाई सियासत, राहुल गांधी ने सरकार के सामने रखीं ये पांच बड़ी शर्ते
PM आवास के बाहर कांग्रेस का धरना जारी है, जहां पार्टी ने केंद्र सरकार के सामने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत पांच प्रमुख मांगें रखी है. राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में देशवासियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की, जबकि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

नई दिल्ली: छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस का धरना मंगलवार को भी जारी रहा. प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इसी बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह धरनास्थल पर पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत की. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने प्रदर्शन समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस ने अपनी मांगों पर जोर देते हुए धरना जारी रखने का फैसला किया.
क्या है पांच मांगे?
इसी बीच खबर सामने आई है कि बातचीत के दौरान कांग्रेस ने केंद्र सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं. पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है. इसके साथ ही गृह मंत्री से संसद के दोनों सदनों में इस मुद्दे पर बयान देने, पूरे मामले पर विस्तृत संसदीय चर्चा कराने, छात्रों की शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुनने तथा प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई. बताया जा रहा है कि मांगें सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह वहां से रवाना हो गए और आगे की चर्चा के लिए गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने की संभावना जताई गई.
देशवासियों से धरने में शामिल होने की अपील
धरनास्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रखा. इस बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच X पर देशवासियों से धरने में शामिल होने की अपील की है उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई केवल विद्यार्थियों पर नहीं, बल्कि देश के हर परिवार पर असर डालती है.
पीएम आवास पर पुलिस बल तैनात
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि छात्रों की आवाज को अनदेखा नहीं किया जा सकता और सरकार को इस पूरे मामले पर जवाब देना होगा। उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए व्यापक जनसमर्थन जरूरी है. बता दें, कांग्रेस का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर स्पष्ट रुख नहीं अपनाती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है और प्रधानमंत्री आवास के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.


