सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे 15 सांसदों की एंट्री पर रोक, मेदांता अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे विपक्षी नेता
सोनम वांगचुक से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे करीब 15 विपक्षी सांसदों को पुलिस ने अस्पताल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद बाहर हंगामे की स्थिति बन गई. पुलिस ने अस्पताल के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि फिलहाल केवल करीबी परिजनों को ही मरीज से मिलने की इजाजत है.

नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक से मिलने मंगलवार को कई विपक्षी सांसद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी. इसके बाद अस्पताल के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही, जिसके बाद सांसदों ने पुलिस के फैसले पर सवाल उठाए और इसे गलत बताया है.
क्यों किया गया सांसदो को मिलने से मना
जानकारी के मुताबिक, करीब 15 विपक्षी सांसद सोनम वांगचुक का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे थे. हालांकि, पुलिस ने उन्हें अस्पताल के अंदर जाने से रोक दिया. अधिकारियों का कहना था कि अस्पताल के नियमों के अनुसार फिलहाल केवल करीबी परिजनों को ही मरीज से मिलने की अनुमति है. पुलिस ने सांसदों से कहा कि अगर वे चाहें तो वांगचुक की पत्नी गीतांजलि से मुलाकात कर सकते हैं, लेकिन मरीज से मिलने की इजाजत नहीं दी जा सकती.
#WATCH | Gurugram, Haryana: Activist Sonam Wangchuk’s wife, Dr Gitanjali Angmo speaks with police and the delegation of the opposition MPs who came to meet activist Sonam Wangchuk at Medanta Hospital. pic.twitter.com/xZcSZm5nFL
— ANI (@ANI) July 22, 2026
आप नेता संजय सिंह हुए नाराज
पुलिस के इस फैसले से आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह नाराज हो गए और अस्पताल के मुख्य गेट पर ही धरने पर बैठ गए. इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस भी हुई. संजय सिंह ने कहा कि यह एक निजी अस्पताल है, ऐसे में किसी मरीज से मिलने के लिए अनुमति की बात क्यों की जा रही है. उनका आरोप था कि बिना किसी ठोस वजह के विपक्षी सांसदों को रोका जा रहा है.
ये देखिए BJP की तानाशाही @Wangchuk66 जी से मिलने तक की इजाजत नहीं हाई कोर्ट ने साफ़ कहा है “वो पुलिस डिटेंशन में नहीं” तो फिर मिलने से क्यों रोका गया? Samajwadi Party , AAP, TMC, CPM, Shiv Sena (UBT), DMK, RJD, BJD, ASP, CPI, NC, JMM के सांसदों ने हस्ताक्षर करके @Wangchuk66 जी से… pic.twitter.com/ja49NFXenj
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) July 22, 2026
सांसद ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें सोनम वांगचुक से मिलने नहीं दिया जाएगा, तब तक वे अस्पताल के बाहर ही बैठी रहेंगी. उनका दावा था कि उनसे पहले कुछ अन्य नेताओं को अस्पताल में प्रवेश की अनुमति दी गई थी, लेकिन विपक्षी सांसदों के साथ अलग व्यवहार किया जा रहा है. इसके बाद उन्होंने पुलिस से मेडिकल प्रोटोकॉल सार्वजनिक करने की भी मांग की है
#WATCH | Gurugram, Haryana: Samajwadi Party MP Priya Saroj says, "We will remain sitting until we get an opportunity to meet him and whether it is night or morning, we will go only after meeting him. Show us this medical protocol. Many leaders came before us, you let them go and… https://t.co/MTUsRpeUUX pic.twitter.com/blcXUXne3A
— ANI (@ANI) July 22, 2026
सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें संजय सिंह, प्रिया सरोज और अन्य सांसद अस्पताल के बाहर पुलिस से बातचीत करते और अंदर जाने की अनुमति मांगते दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल अस्पताल प्रशासन और पुलिस का कहना है कि मरीज से मुलाकात अस्पताल के नियमों और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार ही कराई जाएगी. वहीं, इस घटना के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है और इसे लेकर अलग-अलग दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.


