नई दिल्ली: उत्तरी गोवा के लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्र आरपोरा में शनिवार की आधी रात दर्दनाक हादसा हो गया. बिर्च बाई रोमियो लेन क्लब में अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में तबाही मचा दी. इस भीषण घटना में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 20 पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं. इनमें से ज्यादातर लोग क्लब के कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जो रात को ड्यूटी पर मौजूद थे.
जानकारों के मुताबिक यह हादसा रात करीब 12:04 बजे हुआ और कुछ ही देर में आग इतनी फैल गई कि लोग बाहर निकल भी नहीं पाए. पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि आग का कारण सिलेंडर विस्फोट हो सकता है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घबराकर बेसमेंट की ओर दौड़ पड़े, जहां दम घुटने से उनकी जान चली गई.
भाजपा विधायक माइकल लोबो ने बताया कि अधिकांश पीड़ित बेसमेंट में मौजूद थे और घबराहट में नीचे भागने के कारण वे वहीं फंस गए. उन्होंने कहा कि "कई लोग दम घुटने से मारे गए, क्योंकि बेसमेंट में धुआं भर गया था. लोबो ने पुष्टि की कि मृतकों में कुछ पर्यटक भी शामिल हैं, जबकि बाकी स्थानीय कर्मचारी थे.
घटना की जानकारी मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि क्लब ने अग्निशमन सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया था. सीएम सावंत ने इस हादसे को बेहद परेशान करने वाला बताया और कहा कि सभी खामियों की गहराई से जांच होगी.
सीएम ने साफ कर दिया कि क्लब प्रबंधन और उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी जिन्होंने बिना सुरक्षा जांच के संचालन की अनुमति दी. उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
हादसे के बाद भाजपा विधायक माइकल लोबो ने गोवा में चल रहे सभी क्लबों के लिए सुरक्षा ऑडिट की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह बेहद जरूरी है कि सभी क्लबों का सुरक्षा ऑडिट हो. पर्यटकों ने हमेशा गोवा को सुरक्षित डेस्टिनेशन माना है, लेकिन यह घटना बेहद चिंताजनक है. भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए.
आरपोरा का यह हादसा गोवा के नाइटलाइफ सेक्टर पर सवाल खड़े कर रहा है. सुरक्षा व्यवस्था में चूक, अग्निशमन मानकों का अभाव और अधिकारियों की लापरवाही इन सबकी जांच अब तेजी से की जा रही है.
First Updated : Sunday, 07 December 2025