Operation Sindoor: भारत-पाक सीमा पर तनावपूर्ण माहौल के मद्देनज़र केंद्र सरकार और पंजाब सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. ऑपरेशन सिंदूर के तहत पंजाब के गुरदासपुर जिले में 8 मई 2025 से रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक पूर्ण ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है. यह आदेश अगले निर्देश तक प्रभावी रहेगा. वहीं, अमृतसर में पटाखों पर रोक लगा दी गई है और राजस्थान समेत पंजाब के कई जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
यह फैसला नागरिक सुरक्षा अधिनियम, 1968 के तहत लिया गया है, जिसका उद्देश्य भारत-पाक सीमा के आसपास किसी भी आपात स्थिति से निपटना है. गुरदासपुर सेंट्रल जेल और अस्पतालों को इस आदेश से छूट दी गई है, लेकिन इन संस्थानों की खिड़कियां पूरी तरह बंद और ढकी रहनी चाहिए ताकि कोई भी रोशनी बाहर न जा सके.
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, भारत-पाक सीमा पर संवेदनशील माहौल के कारण गुरदासपुर में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक पूर्ण 'ब्लैकआउट' रहेगा. यह निर्देश गुरदासपुर जिले की समस्त नागरिक और सरकारी इकाइयों पर लागू होंगे, सिवाय जेल और अस्पतालों के, जिन्हें विशेष सुरक्षा उपायों के तहत छूट दी गई है.
राजस्थान और पंजाब सरकारों ने सभी पुलिस कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं. दोनों राज्यों की सीमा से सटे जिलों के स्कूलों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. पंजाब पुलिस के डीजीपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 7 मई से सभी कर्मचारियों की छुट्टियां प्रशासनिक कारणों से रद्द की जाती हैं.
पंजाब के छह सीमा जिलों में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
फिरोजपुर
पठानकोट
फाजिल्का
अमृतसर
गुरदासपुर
तरनतारण
वहीं, राजस्थान के चार सीमा जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को एहतियातन बंद किया गया है.
श्रीगंगानगर
बीकानेर
जैसलमेर
बाड़मेर
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने बुधवार तड़के ऑपरेशन सिंदूर के तहत बड़ी सैन्य कार्रवाई की. इस कार्रवाई में भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर के भीतर स्थित 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया.
इस जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने 7 मई की रात को भारत के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसमें अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज शामिल थे.
पाकिस्तान द्वारा दागे गए ड्रोन और मिसाइलों को भारत की एकीकृत काउंटर यूएएस ग्रिड और एयर डिफेंस सिस्टम ने समय रहते नष्ट कर दिया. भारतीय वायुसेना ने एस-400 ‘सुदर्शन चक्र’ एयर डिफेंस मिसाइल प्रणाली का प्रयोग कर इन खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया. First Updated : Thursday, 08 May 2025