भारत के खिलाफ पाकिस्तान का बड़ा फैसला, 24 मई तक एयरस्पेस बंद, CIA कनेक्शन का दावा

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस 24 मई 2026 तक बंद कर दिया है. 'NOTAM' जारी होने के साथ ही इस फैसले को लेकर 'स्ट्रैटेजिक ब्लैकआउट' का दावा भी सामने आया है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 24 मई 2026 तक बंद रखने का फैसला किया है. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब दोनों देशों के बीच पहले से ही कूटनीतिक और सुरक्षा संबंधी तनाव बना हुआ है.

पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपने-अपने एयरस्पेस बंद कर दिए थे. अब इस प्रतिबंध को आगे बढ़ाने के फैसले ने एक बार फिर स्थिति को चर्चा में ला दिया है.

पाकिस्तान ने जारी किया NOTAM

पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने 'नोटिस टू एयरमेन' (NOTAM) जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि "सभी भारतीय-पंजीकृत, पट्टे पर लिए गए, वाणिज्यिक और सैन्य विमानों को 24 मई, 2026 को सुबह पांच बजे तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी."

यह नया नोटिस पहले जारी नोटिस की 24 अप्रैल को समाप्त होने वाली समय सीमा से पहले ही जारी कर दिया गया है.

'स्ट्रैटेजिक ब्लैकआउट' का दावा

पाकिस्तान द्वारा एयरस्पेस बंद रखने की अवधि बढ़ाने पर भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ के पूर्व एजेंट लकी बिष्ट ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने इसे महज एयरस्पेस प्रतिबंध नहीं, बल्कि एक रणनीतिक कदम बताया है.

लकी बिष्ट ने कहा कि पाकिस्तान का यह फैसला एक ‘स्ट्रैटेजिक ब्लैकआउट’ है, जिसका उद्देश्य केवल रास्ता रोकना नहीं बल्कि कुछ और गतिविधियों को छिपाना हो सकता है.

CIA-ISI की सीक्रेट बातचीत का आरोप

पूर्व रॉ एजेंट के अनुसार, पाकिस्तान के एयरस्पेस के नीचे इस्लामाबाद में सीआईए और आईएसआई के बीच गुप्त शांति वार्ता चल रही है. इसके साथ ही मिस्र के साथ ‘थंडर-2’ सैन्य अभ्यास भी जारी है.

उन्होंने कहा,"किसी भी कमर्शियल जहाज के रडार से कोई 'अनजान आंख' अंदर की हलचल न देख सके, इसलिए आसमान सील किया गया है."

उन्होंने इसे एक फुलप्रूफ जासूसी शील्ड भी बताया.

एक साल से जारी है हवाई प्रतिबंध

पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र पर यह प्रतिबंध लगभग एक साल से लागू है. इसके चलते भारतीय विमानों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए लंबे और वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़ रहे हैं.

भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 24 अप्रैल सुबह 5:30 बजे तक बंद रखा है और इस प्रतिबंध को आगे बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है.

पहले भी हो चुका है एयरस्पेस बंद

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ उठाए गए कदमों के तहत यह प्रतिबंध शुरू में 24 मई 2025 तक लागू किया गया था, जिसे बाद में हर महीने बढ़ाया जाता रहा.

इससे पहले 1999 के करगिल युद्ध और 2019 के पुलवामा हमले के दौरान भी दोनों देशों के बीच एयरस्पेस बंद किया जा चुका है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो