चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक से लगी आग, फिर आनन-फानन में किया ये काम!

इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर बताया कि 5 मई 2026 को फ्लाइट 6E 108 हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची थी। लैंडिंग के बाद जब विमान खड़ा था, तभी एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक सामान में आग लग गई।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: मंगलवार (05 मई 2026) को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 108 में लैंडिंग के बाद एक यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गई। हालात बिगड़ते देख क्रू ने तुरंत इमरजेंसी में पूरी फ्लाइट खाली कराई।

लैंडिंग के बाद हुआ था ये हादसा   

प्राप्त जानकारियों के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर बताया कि 5 मई 2026 को फ्लाइट 6E 108 हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची थी। लैंडिंग के बाद जब विमान खड़ा था, तभी एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक सामान में आग लग गई। 

एयरलाइन ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत फ्लाइट खाली कराई गई और सभी संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल पहुंचा दिया गया है। हमारी टीम उनकी देखभाल कर रही है।” 

केबिन में भर गया धुआं, 5 यात्री भी हुए घायल   

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यात्रियों ने कई वीडियो शेयर किए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि यात्री रनवे पर उतर रहे हैं। यात्रियों के मुताबिक, आग लगने से केबिन में धुआं भर गया था। जिससे अफरा-तफरी मच गई थी।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब पांच यात्री घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं इंडिगो ने कहा कि फ्लाइट को दोबारा शुरू करने से पहले उसकी पूरी जांच की जाएगी। एयरलाइन ने यह भी दोहराया कि हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

फ्लाइट में पावर बैंक को लेकर DGCA के सख्त नियम   

गौरतलब है कि DGCA ने 2026 में पावर बैंक को लेकर नए नियम जारी किए थे। इनके अनुसार फ्लाइट में पावर बैंक सिर्फ हैंड बैगेज में ले जाने की इजाजत है। चेक-इन बैग में पावर बैंक रखना पूरी तरह मना है।

साथ ही फ्लाइट के दौरान फोन या दूसरे डिवाइस चार्ज करने के लिए पावर बैंक इस्तेमाल नहीं कर सकते। नियमों में साफ कहा गया है कि पावर बैंक को ओवरहेड कम्पार्टमेंट में भी नहीं रख सकते। इसकी वजह ये है कि यदि ओवरहेड बिन में आग लग जाए तो उसे पहचानना और बुझाना बहुत मुश्किल होता है।

केबिन में आग लगने पर क्रू तुरंत कार्रवाई कर सकता है। ये घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि फ्लाइट में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और पावर बैंक को लेकर कितनी सावधानी जरूरी है। छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो