धमाकों से दहला पंजाब! 3 घंटे के अंदर जालंधर-अमृतसर में जोरदार ब्लास्ट, BSF मुख्यालय को बनाया गया निशाना

पंजाब के जालंधर और अमृतसर में बीएसएफ मुख्यालय के पास कुछ घंटों के अंतर में हुए धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है. घटनाओं के पीछे की वजह जानने के लिए कई पहलुओं पर जांच जारी है.

Shraddha Mishra

अमृतसर: पंजाब में मंगलवार रात अचानक दो बड़े धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया. महज तीन घंटे के अंतराल में जालंधर और अमृतसर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर जोरदार विस्फोट हुए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इन घटनाओं ने न केवल स्थानीय लोगों में डर पैदा किया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

जालंधर में रात करीब 8:15 बजे बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास की इमारतें तक हिल गईं और इसकी आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनी गई. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जान का नुकसान नहीं हुआ, हालांकि एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली है. घटना के बाद पुलिस ने स्कूटी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में सामने आया कि स्कूटी गढ़ा इलाके के रहने वाले गुरप्रीत सिंह की है, जो एक डिलीवरी कंपनी में काम करता है.

डिलीवरी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, गुरप्रीत सिंह बीएसएफ मुख्यालय में पार्सल देने गया था. लेकिन हेलमेट न होने के कारण उसे अंदर प्रवेश नहीं मिला. इसके बाद उसने अपनी स्कूटी मुख्यालय से कुछ दूरी पर खड़ी कर दी और अंदर चला गया. इसी दौरान स्कूटी में धमाका हो गया. गुरप्रीत के पिता कश्मीरा सिंह, जो बीएसएफ से रिटायर्ड हैं, ने बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ महीनों से डिलीवरी का काम कर रहा है और अक्सर इस इलाके में आता-जाता रहता है.

अमृतसर में भी हुआ विस्फोट

जालंधर की घटना के कुछ घंटे बाद अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास खासा इलाके में भी बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर धमाका हुआ. यह विस्फोट रात करीब 10:50 बजे हुआ. पुलिस के अनुसार, दो नकाबपोश लोग बाइक पर आए और उन्होंने विस्फोटक को हवा में उछालते हुए हेडक्वार्टर की ओर फेंक दिया. दीवार से टकराते ही तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास का इलाका दहल उठा.

ग्रेनेड हमले की आशंका

अमृतसर में हुए विस्फोट के बाद यह संदेह जताया जा रहा है कि इसमें ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. धमाके से बीएसएफ परिसर की टीन शेड गिर गईं और दीवार को भी कुछ नुकसान पहुंचा. घटना के तुरंत बाद सेना और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया. आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि संदिग्धों का पता लगाया जा सके.

धमाके के समय मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि कई वाहन अनियंत्रित होकर गिर गए. कुछ कारों के एयरबैग तक खुल गए. आसपास खड़े लोगों में भगदड़ मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया संदिग्ध व्यक्ति 

जांच के दौरान कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्होंने एक युवक को स्कूटी के पास कुछ फेंकते हुए देखा था. वहीं, सीसीटीवी फुटेज में भी एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है. पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है, हालांकि अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

40 मीटर तक उठीं आग की लपटें

जालंधर में हुए विस्फोट के बाद आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठीं. बताया जा रहा है कि यह लपटें करीब 40 मीटर तक पहुंच गई थीं. स्कूटी एक पेड़ के नीचे खड़ी थी, जिससे आग की वजह से पेड़ भी झुलस गया.

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पुलिस और जांच एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं और कई पहलुओं पर जांच कर रही हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्कूटी में विस्फोट कैसे हुआ. क्या इसमें पहले से कोई विस्फोटक रखा गया था या यह कोई तकनीकी खराबी का मामला है.
इसके अलावा, डिलीवरी करने वाले युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किसका पार्सल देने आया था और उसमें क्या सामग्री थी. दोनों घटनाओं के बाद पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है. बीएसएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियां मिलकर जांच में जुटी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो