जीरकपुर: तेज रफ्तार ऑडी की टक्कर से 15 फीट उछली विदेशी महिला, मौके पर हुई मौत

पंजाब के जीरकपुर में वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार ऑडी कार की टक्कर से तुर्की की नागरिक मावलुदा की मौत हो गई. वह अस्पताल से निकलकर सड़क पार कर रही थीं. हादसे के बाद आरोपी चालक फरार है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Shraddha Mishra

जीरकपुर: पंजाब के जीरकपुर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया. तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक विदेशी महिला की मौके पर ही मौत हो गई. यह दुर्घटना इतनी भयावह थी कि टक्कर लगते ही महिला कई फीट हवा में उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए.

यह हादसा सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे जीरकपुर के व्यस्त वीआईपी रोड पर हुआ. जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान मावलुदा के रूप में हुई है, जो तुर्की की रहने वाली थी. बताया जा रहा है कि वह अपने एक दोस्त के साथ अस्पताल से बाहर निकलकर सड़क पार कर रही थीं. उसी समय एक काले रंग की तेज रफ्तार ऑडी कार अचानक वहां पहुंची और दोनों को टक्कर मार दी.

हवा में उछल गई महिला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी. जैसे ही कार ने महिला को टक्कर मारी, वह करीब 15 फीट तक हवा में उछल गई और सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी. इस भीषण टक्कर के कारण मावलुदा को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं हादसे में उनके साथ मौजूद व्यक्ति को हल्की चोटें आईं.

अस्पताल में मिलने आई थीं पीड़िता

घटना के समय महिला के साथ मौजूद अभिषेक उर्फ अभी ने बताया कि मावलुदा उनकी अच्छी दोस्त थीं. वह ईएमकेयर अस्पताल में उनकी गर्भवती पत्नी से मिलने आई थीं. अस्पताल में मुलाकात के बाद जब दोनों बाहर निकले और मुख्य सड़क पार करने लगे, तभी अचानक तेज रफ्तार ऑडी कार ने उन्हें टक्कर मार दी. इस हादसे में अभिषेक को भी हल्की चोटें आईं, लेकिन वह सुरक्षित हैं.

सामने आया सीसीटीवी फुटेज

घटना के बाद आसपास लगे कैमरों का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की मदद से कार की पहचान करने और आरोपी चालक तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. प्राथमिक जांच के अनुसार, यह मामला हिट एंड रन का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि टक्कर के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया.

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई. बाद में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर डेराबस्सी के सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया.

जांच अधिकारी राज कुमार के अनुसार, मृतक महिला की पहचान तुर्की की नागरिक मावलुदा के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि मृतका की बहन तुर्की से भारत आ रही है. उसके आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं. इस दुखद हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो