जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. शहर के खो नागोरियान इलाके में एक घर के अंदर चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने के कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से ज्यादा लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
जानकारी के अनुसार, पटाखा बनाने का काम आबादी वाले इलाके के एक मकान में किया जा रहा था. स्थानीय लोगों का कहना है कि घर के अंदर लंबे समय से पटाखों का काम चल रहा था. अचानक आग लगने के बाद धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए. आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में झुलसे लोगों को तुरंत जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. मेडिकल टीम लगातार उनका इलाज कर रही है. प्रशासन की ओर से अस्पताल में विशेष व्यवस्था भी की गई है.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, सिविल डिफेंस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई. आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाने में काफी समय लगा. राहत और बचाव कार्य के दौरान मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. जयपुर कलेक्टर संदेश नायक, ADM और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री रिहायशी इलाके में चलाई जा रही थी, जिससे सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है. इस हादसे के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है. लोग इस बात से हैरान हैं कि घर के अंदर चल रही फैक्ट्री इतनी बड़ी त्रासदी का कारण बन गई. First Updated : Tuesday, 09 June 2026