श्रीगंगानगर गैंगरेप केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 और आरोपी दबोचे, कुल 18 गिरफ्तार

राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 साल की नाबालिग से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. सबूतों के आधार पर 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है.

Yashika Jandwani

जयपुर: राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 साल की नाबालिग से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही इस केस में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है. 

फॉरेंसिक जांच में हुआ खुलासा 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात वाली जगह और आसपास के इलाकों से मिले सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला गया. फुटेज की फॉरेंसिक जांच करने पर तीन लोगों की संदिग्ध मौजूदगी और उनकी भूमिका साफ हुई, जिसके बाद सबूत मिलने के बाद पुलिस टीमों ने तुरंत दबिश देकर तीनों को हिरासत में ले लिया. 

आरोप है कि इन तीनों ने होटल के एक कमरे में पीड़ित बच्ची के साथ अपराध किया था. पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है. इसके  साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस पूरी घटना में होटल के स्टाफ या प्रबंधन की क्या भूमिका थी. 

पहले भी सामने आ चुकें ऐसे मामले 

अधिकारियों का कहना है कि यह कोई पहला मामला सामने नहीं आया है. जांच में सामने आया है कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय था जो नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपराध में शामिल करता था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. पुलिस का मकसद है कि कोर्ट में पुख्ता सबूतों के साथ चार्जशीट पेश की जाए ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके.

प्रशासन का बुलडोजर एक्शन 

जानकारी के अनुसार, इस वारदात पर सिर्फ पुलिस कार्रवाई ही नहीं हुई है, जिला प्रशासन ने भी इसे लेकर सख्त कदम उठाया है. बता दें, मामले से जुड़े 3 होटलों को चिन्हित कर उनके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की गई. प्रशासन ने इन होटलों में हुए अवैध निर्माण और अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ कहा है कि जो भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान आपराधिक गतिविधियों को पनाह देंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.  

फिलहाल पीड़ित बच्ची को हर संभव मदद और सुरक्षा दी जा रही है. पुलिस ने कहा है कि जांच अभी जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है. इस मामले ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है. पुलिस और प्रशासन दोनों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सबसे सख्त कार्रवाई होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो