Karur stampede news: तमिलनाडु के करूर में शनिवार को अभिनेता विजय की रैली में भगदड़ मच गई, जिसमें 39 लोगों की मौत हो गई और 95 लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं. डीजीपी जी. वेंकटरमन ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर विजय के देर से पहुंचने के कारण भीड़ असामान्य रूप से बढ़ गई. मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.
रैली के दौरान हजारों की भीड़, रात का अंधेरा और दौड़ते-भागते लोग सामने आए. घटना के वीडियो में लोग अपनी जान बचाने के लिए झोपड़ियों में छिपते दिखाई दिए. भीड़ के बढ़ने पर लोग झोपड़ी का छप्पर फाड़कर निकलने का प्रयास करते नजर आए. कुछ वीडियो में महिलाएं डर और करुण क्रंदन करती हुई दिख रही हैं.
घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर चेन्नई में अभिनेता विजय के घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में ऐसी रैलियों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत किया जाएगा.
डीजीपी वेंकटरमन ने बताया कि विजय के पार्टी ट्विटर हैंडल पर कहा गया था कि वह दोपहर 12 बजे तक सभा स्थल पर पहुंचेंगे, लेकिन वह शाम 7.40 बजे पहुंचे. लोग सुबह 11 बजे से ही जुटने लगे थे. तपती धूप में उपस्थित लोगों के पास पर्याप्त भोजन और पानी नहीं था. रैली के लिए दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक अनुमति मांगी गई थी.
विकास ने कहा कि आयोजकों ने लगभग 10,000 लोगों के आने का अनुमान लगाया था, लेकिन विजय को देखने के लिए लगभग 27,000 लोग जमा हो गए. पुलिस ने 20,000 लोगों की उम्मीद के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था की थी. डीजीपी ने बताया कि विजय का स्वागत करने के दौरान बड़ी भीड़ उनके पीछे-पीछे आई और पुलिस ने उन्हें सुरक्षित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया.
डीजीपी ने कहा कि सरकार ने घटना की जांच के लिए आयोग की घोषणा की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजकों को भीड़ और उससे जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी गई थी. भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात नहीं किया जा सका. वर्तमान में करूर के लिए एडीजीपी (कानून व्यवस्था) डेविडसन ऐरवथम, 3 पुलिस महानिरीक्षक, 2 डीआईजी, 10 एसपी और 2,000 पुलिसकर्मी रवाना हो चुके हैं.
First Updated : Sunday, 28 September 2025