नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया रिकॉर्ड स्थापित करते हुए इतिहास रच दिया हैं. बता दें, पीएम मोदी संविधान लागू होने के बाद लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने वाले नेता बन चुके हैं. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम था, जिन्होंने 1952 के आम चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,398 दिनों तक देश का नेतृत्व किया था.
वहीं इसी अवसर की खुशी में पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर खास पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने कहा "लोक सेवा सुशासन का सबसे बड़ा मापदंड है. जनता का विश्वास वही व्यक्ति जीतता है जो विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अथक परिश्रम करता है. जो स्वभाव से समर्पित हो और अपनी प्रजा के कल्याण के लिए सदा तत्पर रहता हो, वही सर्वोच्च गौरव प्राप्त करता है, वास्तव में, विनम्र हृदय वाला राजा ही सर्वोच्च गौरव प्राप्त करता है."
बता दें, उनके अनुसार जनता का विश्वास वही व्यक्ति अर्जित कर सकता है, जो विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ लगातार काम करता रहे. इसके साथ प्रधानमंत्री ने नेतृत्व और लोककल्याण के महत्व को रेखांकित करते हुए एक संस्कृत श्लोक का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि किसी भी शासक का मुख्य उद्देश्य जनता के हितों की रक्षा और उनके जीवन को बेहतर बनाना होना चाहिए.
पीएम मोदी की इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है. इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान को और मजबूत किया है. वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें अथक परिश्रम करने वाला कर्मयोगी बताया.
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को केवल योजनाएं ही नहीं दीं, बल्कि आत्मविश्वास से भरा एक स्पष्ट राष्ट्रीय विजन भी प्रदान किया है. उन्होंने इसे भारत में हुए व्यापक परिवर्तन का प्रतीक बताया है.
इतना ही नहीं प्रधानमंत्री मोदी को विदेशों से भी शुभकामनाएं मिली हैं. मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर समेत कई वैश्विक नेताओं ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे जनविश्वास और प्रभावी नेतृत्व का प्रतीक बताया है. First Updated : Wednesday, 10 June 2026