'पीएम मोदी-अमित शाह से सीखने की जरूरत...', BJP की जीत के बाद थरूर ने कांग्रेस को दी नसीहत
बंगाल और असम में बीजेपी की जीत पर शशि थरूर ने पार्टी नेतृत्व की तारीफ की है. साथ ही उन्होंने कांग्रेस को आत्ममंथन करने और बीजेपी की कुछ रणनीतियों से सीख लेने को कहा.

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव नतीजे सामने आने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने इसपर खुलकर प्रतिक्रिया दी और भाजपा नेतृत्व की तारीफ करते नजर आए. आमतौर पर सियासी विरोध के बीच इस तरह का बयान कम ही देखने को मिलता है. शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने चुनाव प्रबंधन में अच्छा काम किया है. उन्होंने माना कि बंगाल और असम में मिली सफलता के पीछे उनकी रणनीति और संगठन की ताकत अहम रही है.
इन चुनावों में भाजपा ने पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 207 सीटें जीतकर पहली बार राज्य में सरकार बनाई. वहीं, असम में 126 में से 82 सीटें जीतकर पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की. इन नतीजों ने यह साफ कर दिया कि भाजपा ने दोनों राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है और विपक्ष को पीछे छोड़ दिया है.
कांग्रेस को आत्ममंथन की दी सलह
मीडिया एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भाजपा के संगठन की मजबूती को भी रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह ने बंगाल और असम में बढ़िया काम किया है. उन्होंने इसके पीछे चुनाव के संचालन में उनकी योग्यता को बताया. उन्होंने कहा कि, 'BJP प्रोफेशनली ऑर्गेनाइज्ड हैं. उनके पास बहुत मजबूत संगठन है और चुनाव अभियान में वे वित्तीय समेत हर संसाधन का उपयोग करते हैं.'
भाजपा की तारीफ के साथ-साथ शशि थरूर ने अपनी ही पार्टी कांग्रेस को आत्ममंथन करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कुछ चीजें बीजेपी से सीखनी चाहिए, जो की भविष्य में कांग्रेस के लिए फायदेमंद हो सकती हैं. उन्होंने साफ कहा कि पार्टी को समझना होगा कि कमी कहां रह गई है और किन बातों में सुधार की जरूरत है.
केरल में कांग्रेस की सफलता का जिक्र
थरूर ने केरल के चुनाव नतीजों का भी उल्लेख किया, जहां कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को बड़ी जीत मिली है. उन्होंने बताया कि राज्य में पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया और कई सीटों पर जीत हासिल की. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केरल का अनुभव यह दिखाता है कि सही रणनीति अपनाकर अन्य राज्यों में भी स्थिति सुधारी जा सकती है.
थरूर ने कहा कि कांग्रेस के पास अभी भी मौका है कि वह अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़े. उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी को गहराई से विचार करना चाहिए और एक मजबूत रणनीति तैयार करनी चाहिए. उनके अनुसार, यदि पार्टी सही दिशा में काम करे तो आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है.


