'TVK के साथ गठबंधन या फिर...' 30 विधायकों ने पलानीस्वामी को दी चेतावनी, विजय की पार्टी के साथ गठबंधन के लिए बना रहे दबाव

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आते ही AIADMK में भारी आंतरिक अस्थिरता देखी जा रही है. पार्टी के कई विधायकों ने TVK के साथ गठबंधन की मांग कर रहे हैं.

Sonee Srivastav

चेन्नई: तमिलनाडु की प्रमुख विपक्षी पार्टी AIADMK में इन दिनों भारी आंतरिक अस्थिरता देखी जा रही है. पार्टी के कई विधायकों के विजय की तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) के साथ गठबंधन की मांग तेज हो गई है, जिससे पार्टी नेतृत्व पर दबाव बढ़ता जा रहा है. 

30 से ज्यादा विधायकों का दबाव

सूत्रों के मुताबिक, एआईएडीएमके के 30 से अधिक विधायक TVK के साथ मिलकर आगे बढ़ने के पक्ष में हैं. टीवीके हाल के चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन उसे बहुमत के लिए 10 सीटों की कमी है. ऐसे में AIADMK के समर्थन से सरकार बनाने की चर्चा जोरों पर है.

पार्टी के पास फिलहाल 47 विधायक हैं. कई विधायकों का मानना है कि टीवीके के साथ हाथ मिलाना भविष्य की राजनीति के लिए सही रणनीति साबित हो सकता है.

विधायक दल की बैठक हुई स्थगित 

एआईएडीएमके की विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक अचानक स्थगित कर दी गई. इस फैसले से पार्टी में गहरे विभाजन की अटकलें और बढ़ गई हैं. विधायकों की मांग है कि पार्टी को टीवीके को समर्थन देकर सत्ता गठन में मदद करनी चाहिए. 

सीवी शनमुगम सक्रिय

इस उथल-पुथल के मुख्य चेहरे वरिष्ठ नेता सीवी शनमुगम बताए जा रहे हैं. उन्होंने टीवीके के साथ गठबंधन के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश शुरू कर दी है. खबर है कि करीब 35 विधायक चेन्नई में उनके घर पर इकट्ठा हुए. शनमुगम ने पार्टी के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी समेत शीर्ष नेतृत्व से अपील की है कि नई सत्ता व्यवस्था में अपनी भूमिका बनाए रखने के लिए टीवीके के साथ समझौता किया जाए. 

अब फैसला विजय के हाथ में

एआईएडीएमके के राष्ट्रीय प्रवक्ता कोवई सत्यन ने कहा कि अब गेंद विजय के पाले में है. उन्हें तय करना होगा कि वे अकेले पांच साल का कार्यकाल चलाना चाहते हैं या अन्य दलों के साथ मिलकर मजबूत सरकार बनाना चाहते हैं. राज्यपाल ने भी टीवीके से विधायकों की संख्या पर स्पष्टीकरण मांगा है. 

एआईएडीएमके में यह संकट पार्टी के भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर रहा है. अगर ज्यादा विधायक टीवीके के साथ चले गए तो पार्टी कमजोर पड़ सकती है. अभी सभी की नजरें इस आंतरिक घमासान के अगले कदम पर टिकी हुई हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो