नई दिल्ली: तेलंगाना के यदाद्री भुवनगिरी जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चारमीनार एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक आग लग गई. ट्रेन अलेर रेलवे स्टेशन के पास थी, तभी एक डिब्बे से धुआं उठता दिखा और देखते ही देखते आग की लपटों ने कोच को अपनी चपेट में ले लिया.
घटना के समय ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया. जैसे ही आग की खबर फैली, यात्री घबराकर बाहर निकलने लगे. राहत की बात यह रही कि अभी तक किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग ट्रेन के एस-5 कोच में लगी थी. अचानक उठती लपटों ने पूरे डिब्बे को घेर लिया, जिससे यात्रियों के बीच दहशत फैल गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाहर निकलने लगे.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले कोच से धुआं निकलता है और फिर कुछ ही पलों में खिड़कियों से आग की लपटें बाहर आने लगती हैं. देखते ही देखते पूरा डिब्बा भट्ठी की तरह जलने लगा.
घटना के दौरान कुछ यात्रियों ने आपात स्थिति में चेन खींच दी, जिससे ट्रेन रुक गई. हालांकि, कई यात्री ट्रेन के रुकने से पहले ही खिड़कियों से बाहर कूद गए. गनीमत रही कि ट्रेन की गति धीमी थी, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं. दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. शुरुआती आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है.
कोच में धुआं फैलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे, जबकि कुछ ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से छलांग लगा दी. ट्रेन की रफ्तार कम होने और स्टेशन के पास होने की वजह से स्थिति जल्द काबू में आ गई और आग अन्य कोचों तक नहीं फैल सकी. First Updated : Sunday, 26 April 2026