कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना तुरंत बंद हो भारतीय नाविक की मौत पर सख्त हुआ भारत

अरब सागर और होर्मुज क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों हो रहे हमलों की भारत ने कड़ी निंदा की है. भारतीय नाविक की मौत पर दुख जताते हुए भारत ने कहा कि कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए.

calender

नई दिल्ली: होर्मुज जलमार्ग के पास व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों को लेकर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है. भारतीय नाविक की मौत और कई अन्य भारतीयों के घायल होने के बाद विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कमर्शियल जहाजों और नाविकों को निशाना बनाना तुरंत बन करना चाहिए. इसके साथ ही भारत ने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और बाधारहित नेविगेशन सुनिश्चित किया जाना चाहिए. 

भारत को लेकर जताई गंभीर चिंता 

घटना के बाद विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली स्थित ईरानी एम्बेसी के उप मिशन प्रमुख को तलब कर भारत की गंभीर चिंता और विरोध दर्ज कराया है. मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के हमले न केवल समुद्री व्यापार को प्रभावित करते हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत सुरक्षित नेविगेशन की व्यवस्था के लिए भी खतरा पैदा करते हैं. 

दो जहाजों पर हुआ हमला 

विदेश मंत्रालय के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के ध्वज वाले दो व्यापारिक "जहाज एमटी अल बहिया" और "एमटी मोम्बासा" हमलों का शिकार हुए. इन दोनों जहाजों पर कुल 46 चालक दल के सदस्य मौजूद थे, जिनमें 30 भारतीय नागरिक शामिल थे. मंत्रालय ने बताया कि "एमटी अल बहिया" पर सवार 12 भारतीयों में से एक नाविक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुए हैं. वहीं "एमटी मोम्बासा" पर मौजूद 18 भारतीयों में से नौ घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदनाएं 

इसके साथ ही भारत ने मृतक भारतीय नाविक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में रहकर प्रभावित भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

कूटनीतिक के रास्ते पर चलने की अपील 

अपने बयान में भारत ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर भी चिंता जताई. मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में हिंसा और टकराव का बढ़ना वैश्विक समुद्री व्यापार और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती है. भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने, हिंसा रोकने और बातचीत व कूटनीति के रास्ते पर लौटने की अपील की. विदेश मंत्रालय ने दोहराया कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में कमर्शियल जहाजों और नागरिक ढांचे पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए, ताकि वैश्विक व्यापार और समुद्री परिवहन बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से जारी रह सके. First Updated : Tuesday, 14 July 2026