नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने हवाई यात्रा को आम लोगों के लिए सस्ता और आरामदायक बनाने के लिए एक अच्छा कदम उठाया है. देश के 11 बड़े हवाई अड्डों पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ शुरू कर दिए गए हैं. यहां यात्री बहुत कम दामों पर चाय, नाश्ता और पानी जैसी चीजें खरीद सकते हैं.
इन कैफे में चाय सिर्फ 10 रुपये में मिल रही है. समोसा, वड़ा पाव जैसी नाश्ते की चीजें 20 रुपये में उपलब्ध हैं. पानी की बोतल भी 10 रुपये और कॉफी 20 रुपये में दी जा रही है. पहले एयरपोर्ट पर चाय-कॉफी 50 रुपये या उससे ज्यादा में बिकती थी और स्नैक्स की कीमतें और भी ऊंची होती थी.
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने रविवार को वर्चुअल तरीके से इन कैफे का उद्घाटन किया. इनमें लखनऊ, पटना, राजकोट, जम्मू, श्रीनगर, जयपुर और इंदौर के हवाई अड्डे शामिल हैं.
कैफे में सिर्फ सस्ता ही नहीं, स्थानीय स्वाद भी मिल रहा है. पुणे में वड़ा पाव, चेन्नई में वड़ाई, कोयंबटूर में मेदु वड़ा और विजयवाड़ा में कचौरी जैसी चीजें उपलब्ध हैं. समोसा तो लगभग हर जगह सबसे पॉपुलर आइटम है.
आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा मुंबई एयरपोर्ट पर इन कैफे की तारीफ करते नजर आए. उन्होंने 10 रुपये में चाय पी और सोशल मीडिया पर लिखा कि यह आम यात्रियों के लिए बड़ी राहत है. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर अच्छा खाना सस्ते दामों में मिलना संभव है और मुंबई का यह कैफे इसका अच्छा उदाहरण है.
सरकार ने सिर्फ कैफे ही नहीं शुरू किए हैं. 57 हवाई अड्डों पर डिजी यात्रा, मुफ्त वाई-फाई, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, फ्लाईब्ररी और स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद बेचने वाले ‘एवीएसएआर’ आउटलेट भी शुरू किए गए हैं.
यात्री इस नई व्यवस्था से काफी खुश हैं. उनका कहना है कि अब एयरपोर्ट पर खाने-पीने से पहले जेब देखने की टेंशन नहीं रह गई है. सस्ते दामों में अच्छी क्वालिटी का खाना मिल रहा है. यह कदम हवाई यात्रा को आम नागरिकों के लिए और ज्यादा किफायती बनाने की दिशा में सरकार का एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है. First Updated : Monday, 30 March 2026