अप्रैल में आग बना भारत, 40 के पार पारा, इंसान ही नहीं परिंदे भी झुलसने लगे

अप्रैल में ही देशभर में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ गया है. कई शहरों में तापमान 40–42°C के पार पहुंच गया है और भारतीय मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राहत न मिलने की चेतावनी दी है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

देशभर में अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और लू का असर तेजी से फैल रहा है. हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही. 

IMD ने जारी की चेतावनी 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक लू का प्रकोप जारी रहेगा. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है. कई शहरों में हालात बेहद खराब हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार झांसी, ओरछा और बालनगीर देश के सबसे ज्यादा गर्म इलाकों में शामिल हैं. वहीं नई दिल्ली, अहमदाबाद और गुना में तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया, जबकि नागपुर में पारा 42 डिग्री तक चढ़ गया. प्रयागराज और धनबाद जैसे शहर भी 39 डिग्री के करीब झुलस रहे हैं.

लू की स्थिति कब बनती है? 

विशेषज्ञों के मुताबिक, जब मैदानों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला जाता है, तभी लू की स्थिति बनती है. इस समय देश के कई हिस्सों में यही हालात बने हुए हैं. डॉक्टरों और मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि जरूरी काम के अलावा घर से बाहर न निकलें, हल्का और तरल भोजन लें और शरीर को हाइड्रेट रखें. खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है.

IMD के अनुसार, इस भीषण गर्मी की वजह सूखी उत्तर-पश्चिमी हवाएं, साफ आसमान और तेज धूप हैं. इन परिस्थितियों के चलते तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में भी राहत मिलने की उम्मीद कम है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है.

लू के कारण कबूतरों की मौत 

गर्मी का असर केवल इंसानों तक सीमित नहीं है. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में लू के कारण कबूतरों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं, जो इस मौसम की गंभीरता को दर्शाती हैं. इसके अलावा झारखंड के धनबाद में जमीन धंसने की घटना ने भी चिंता बढ़ा दी है, जहां कई घर देखते ही देखते जमीन में समा गए.

एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 95 भारत में हैं, जो इस समय की स्थिति को और भयावह बनाता है. आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है. ऐसे में सतर्क रहना और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो