मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में हुई तेज बारिश ने राजधानी की रफ्तार थाम दी. कई इलाकों में भारी जलजमाव ने यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया, जिससे लोग सड़कों पर फंसे नजर आए. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक 'रेड अलर्ट' जारी किया. वहीं, एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों को संभावित देरी के लिए सचेत किया है.
समाचार एजेंसी ANI द्वारा साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग जलमग्न सड़कों पर पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. कई वाहन जलजमाव में फंसे दिखाई दिए और लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला. इससे शहर की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई.
खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए प्रमुख विमानन कंपनियों ने यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए समय से पहले निकलने की सलाह दी है एयर इंडिया ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में तेज हवाओं और बारिश के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है. कृपया http://airindia.com/in/en/manage/f पर जाकर अपनी फ्लाइट की स्थिति जांचें और एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें.
इसी तरह, इंडिगो एयरलाइंस ने भी मौसम को लेकर अपडेट जारी करते हुए कहा कि दिल्ली में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए उड़ानों में देरी और एयरपोर्ट तक धीमी आवाजाही हो सकती है. हम जमीन पर आपकी यात्रा को सहज बनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. कृपया अपनी फ्लाइट स्टेटस चेक करें और एयरपोर्ट पहुंचने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय निकालें.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी में दिनभर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. सुबह 8:30 बजे आर्द्रता का स्तर 70% दर्ज किया गया.
बारिश की वजह से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी मामूली सुधार दर्ज किया गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सुबह 9 बजे AQI 87 रहा, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है.
दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों जैसे आईटीओ, मंडी हाउस, लाजपत नगर, मुनिरका, धौला कुआं, और सराय काले खां से जलभराव की तस्वीरें सामने आई हैं. कई जगहों पर अंडरपास पानी से भर गए हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई. First Updated : Tuesday, 29 July 2025