इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और जिम्बाब्वे दौरे से पहले BCCI ने लिया बड़ा फैसला, टीम में अचानक किया बदलाव
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और जिम्बाब्वे टी20 दौरे से पहले BCCI ने भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया है. उन्होने प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया है.

नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज और जिम्बाब्वे दौरे पर खेली जाने वाली टी20 सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव किया गया है. बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने दो खिलाड़ियों के चोटिल होने के बाद टीम में नए चेहरों को मौका दिया है. तेज गेंदबाज हर्षित राणा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के बाहर होने के बाद प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है.
हर्षित राणा चोट के कारण हुए बाहर
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले के दौरान हर्षित राणा को दाहिनी हैमस्ट्रिंग में परेशानी महसूस हुई थी. मेडिकल जांच में उन्हें ग्रेड-1 हैमस्ट्रिंग इंजरी की पुष्टि हुई. इसके बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया.
अब वह आगे के इलाज और फिटनेस प्रक्रिया के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट करेंगे. उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है.
वरुण चक्रवर्ती की जगह रवि बिश्नोई
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी तीसरे टी20 मैच के दौरान चोटिल हो गए थे. उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग में ग्रेड-2 इंजरी पाई गई है. मेडिकल टीम की सलाह के बाद उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को मौका मिला है, जो अपनी शानदार गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं.
🚨 News 🚨
Prince Yadav and Ravi Bishnoi named as replacements for injured Harshit Rana and Varun Chakaravarthy in #TeamIndia's squads for #ENGvIND ODIs and #ZIMvIND T20Is, respectively.
More details 🔽https://t.co/xOPGYDaugn— BCCI (@BCCI) July 12, 2026
वनडे टीम में ये खिलाड़ी शामिल
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे. टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव शामिल हैं.
जिम्बाब्वे टी20 सीरीज की टीम
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभालेंगे. टीम में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह और रवि बिश्नोई जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि नए खिलाड़ियों को मिले इस मौके का वे कितना फायदा उठाते हैं और भारतीय टीम आगामी दोनों सीरीज में कैसा प्रदर्शन करती है.


