भुवनेश्वर: ओडिशा के भुवनेश्वर-कटक राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बता दें, हाई-टेक स्क्वायर के पास हुए इस हादसे में एक ट्रक ने यात्रियों से भरी एक कार को लगभग 500 मीटर तक घसीटा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. वहीं दुर्घटना में कार सवार कई लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
जानकारी के अनुसार, ट्रक और कार दोनों भुवनेश्वर से कटक की ओर जा रहे थे और इसी दौरान किसी दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई. बता दें, इस घटना के कारण कार ट्रक में फंस गई और ट्रक आगे बढ़ता रहा. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि इस काफी दूरी तक कार ट्रक के साथ घिसटती रही, जिससे सड़क पर भयावह स्थिति पैदा हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही मंचेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया गया. इसके साथ ही पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि उसने शराब का सेवन नहीं किया था.
हालांकि, इस मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब कार में सवार लोगों के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रक चालक ने जानबूझकर कार को घसीटा और कार सवार लोगों की जान लेने की कोशिश की. फिलहाल परिजनों की शिकायत को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि टक्कर के बाद चालक घबरा गया था, जिसके कारण वह ट्रक को रोक नहीं पाया. हालांकि घटना के पीछे किसी आपराधिक मंशा की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. घटना को लेकर अधिकारीयों द्वारा अपील की गई है कि घटना स्थल पर मौजूद लोग उनका जांच में सहयोग करें. First Updated : Saturday, 30 May 2026