टीम इंडिया की जर्सी पहन लखनऊ पहुंचे अभिजीत दीपके, आज CJP पेपर लीक के मुद्दे पर इको गार्डन में करेगी प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके लखनऊ पहुंच गए हैं, जहां पेपर लीक और युवाओं के मुद्दों को लेकर इको गार्डन में प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है.

लखनऊ: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके गुरुवार देर रात लखनऊ पहुंचे. वह पुणे से विमान द्वारा राजधानी आए और इस दौरान टीम इंडिया की जर्सी पहने नजर आए. उनके लखनऊ पहुंचने के साथ ही इको गार्डन में होने वाले पार्टी के प्रदर्शन को लेकर तैयारियां तेज हो गई. प्रशासन ने प्रदर्शन के लिए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक की अनुमति दी है.
एयरपोर्ट पर क्या बोले अभिजीत दीपके?
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना है.
उन्होंने कहा कि जैसे दिल्ली और पुणे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया था, वैसे ही लखनऊ में भी प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना हर नागरिक का अधिकार है और इसी अधिकार के तहत छात्र और युवा अपनी समस्याओं को सामने रख रहे हैं.
इको गार्डन में जुटने लगे युवा
प्रदर्शन से पहले ही इको गार्डन में युवाओं का पहुंचना शुरू हो गया. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिसकर्मी सुरक्षा उपकरणों के साथ मुस्तैद हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.
प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे युवाओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाया जाए और प्रदर्शन को केवल छात्रों और युवाओं के मुद्दों तक सीमित रखा जाए.
कैसे हुई CJP की शुरुआत?
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में हुई थी. एक न्यायिक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हुई और अभिजीत दीपके ने पार्टी की स्थापना की घोषणा की. इसके बाद संगठन ने बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाना शुरू किया.
सोशल मीडिया पर बढ़ी लोकप्रियता
कम समय में ही CJP सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई. पार्टी का दावा है कि उसके ऑनलाइन अभियानों को लाखों लोगों का समर्थन मिला है. हाल के दिनों में शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार सक्रिय रही है.
लखनऊ में होने वाला यह प्रदर्शन भी पेपर लीक और युवाओं की समस्याओं को लेकर आयोजित किया जा रहा है, जिस पर प्रशासन और राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है.


