लखनऊ अग्निकांड: अलीगढ़ दौरा रद्द कर घटनास्थल पर पहुंचे CM योगी, घायलों से की मुलाकात

सीएम योगी ने फायर विभाग के अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई और कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि हादसे के जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

calender

लखनऊ: लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर दिया और सीधे राजधानी लौट आए। सोमवार शाम हादसे की खबर मिलते ही वह लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम छोड़कर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।  

हादसे वाली जगह का लिया जायजा   

लखनऊ पहुंचने के बाद सीएम योगी सबसे पहले आग लगने वाली जगह पर गए। उन्होंने हालात का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों का इलाज बेहतर से बेहतर हो और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद मिले।  

अलीगढ़ में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा थी कि यहीं रहूं, लेकिन लखनऊ में दुर्घटना की खबर मिली है। कुछ बच्चों की दुखद मौत हो गई है। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है, इसलिए मुझे तत्काल लखनऊ लौटना पड़ रहा है।  

KGMU में घायलों से मिले सीएम   

मुख्यमंत्री ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी जाकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से भी मुलाकात कर संवेदना जताई।  

सीएम योगी ने फायर विभाग के अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई और कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि हादसे के जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।  

दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश   

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को मौके पर जाकर रिपोर्ट सौंपने को कहा। उन्होंने कहा कि मामले की गहराई से जांच होगी और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।  

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सीएम ने लिखा कि लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।  

हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोचिंग और कमर्शियल इमारतों में फायर सेफ्टी के इंतजाम सख्त किए जाने चाहिए। First Updated : Monday, 22 June 2026