अखिलेश यादव ने बिजली संकट पर योगी सरकार पर बोला हमला, ऊर्जा मंत्री AK शर्मा ने सपा शासन का दिखाया आईना

उत्तर प्रदेश में बिजली कटौती को लेकर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला, जिस पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने तीखा पलटवार किया. मंत्री ने कहा कि पहले खुद सपा शासन देखो, फिर आईना दिखाओ, क्योंकि अब बिजली उपलब्धता पहले से कहीं बेहतर हो गई है.

calender

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती को लेकर विपक्षी दल समाजवादी पार्टी लगातार सरकार पर हमला बोल रही है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. इस पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया पर तीखा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि पहले खुद अपनी पुरानी व्यवस्था देखो, फिर दूसरों को आईना दिखाओ.

मंत्री का सोशल मीडिया पलटवार

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने X पर एक लंबा पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2012-17 के सपा शासन में प्रदेश की पीक बिजली डिमांड सिर्फ 13,000 मेगावाट थी. अब यह बढ़कर 30,000 मेगावाट से ज्यादा हो गई है. फिर भी सरकार बेहतर बिजली सप्लाई दे रही है.

सपा राज में कैसी थी स्थिति

मंत्री ने दावा किया कि सपा सरकार के समय कई गांवों में हफ्ते में सिर्फ एक दिन बिजली आती थी. बिजली चोरी और कटियाबाजी को संरक्षण मिलता था. उपभोक्ताओं की संख्या भी बहुत कम थी. जबकि आज 3.70 करोड़ से ज्यादा उपभोक्ताओं को बिजली पहुंचाई जा रही है.

योगी सरकार में हुए बड़े सुधार

एके शर्मा ने बताया कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए बड़े कदम उठाए हैं. जर्जर तार बदले गए, पुराने खंभे और ट्रांसफॉर्मर बदले गए. हजारों मेगावाट की नई बिजली परियोजनाएं चल रही हैं. ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाई जा रही है. आज उत्तर प्रदेश देश के सबसे ज्यादा बिजली आपूर्ति करने वाले राज्यों में शामिल है.

स्मार्ट मीटर पर राहत

स्मार्ट मीटर को लेकर हो रहे विवाद पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने लोगों को राहत दी है. तकनीकी समस्याओं की जांच पूरी होने तक नए स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर रोक लगा दी गई है. पोस्टपेड व्यवस्था जारी रखी गई है. गर्मी में निर्बाध बिजली सप्लाई के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं.

अखिलेश को सीधा तंज

मंत्री एके शर्मा ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, “जो काम पहले नहीं हुआ, वो आज हो रहा है. जनता बदलाव देख रही है. आईना उठाया करो तो पहले खुद को देख लिया करो, फिर दूसरों को दिखाया करो.” उन्होंने कहा कि सपा के समय लगाए गए बबूल के पेड़ों को अब समूल नष्ट किया जा रहा है. 

मंत्री ने विपक्ष से अपील की कि भीषण गर्मी में बढ़ी बिजली मांग को पूरा करने में सरकार का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार सुधार के प्रयास कर रही है. First Updated : Saturday, 23 May 2026