हरदोई में रिश्तों का खौफनाक अंत! बेटी की हत्या के बाद पिता ने रचा सांप के काटने का ड्रामा, ऐसे खुला राज
हरदोई के संडीला में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां पिता और भाइयों ने 19 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. यहां तक कि हत्या छिपाने के लिए आरोपियों ने आत्महत्या का झूठा ड्रामा रचा.

हरदोई: उत्तर प्रदेश हरदोई जिले के संडीला थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 19 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके ही पिता और भाइयों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, हत्या को छिपाने के लिए आरोपियों ने इसे सांप के काटने और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
बिना बताए घर से जाने पर भड़का परिवार
जानकारी के अनुसार, संडीला थाना क्षेत्र के समदखेड़ा गांव निवासी शुभी 3-4 जून की रात घर से बिना बताए कहीं चली गई थी. सुबह करीब चार बजे वह वापस घर लौटी. इसी बात से नाराज उसके पिता रामदयाल ने, जो उस समय शराब के नशे में था, अपने बेटों मुनेश और सुरेश तथा बहू माधुरी के साथ मिलकर शुभी की बेरहमी से पिटाई कर दी. मारपीट इतनी गंभीर थी कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या छिपाने के लिए रचा गया साजिश
युवती की मौत के बाद परिवार के लोगों ने मामले को छिपाने की योजना बनाई. आरोप है कि उन्होंने कपड़े सिलने वाली सुई से शव पर सांप के काटने जैसे निशान बनाए. इसके साथ ही गले पर फंदे के निशान बनाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. बाद में बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया.
मां की शिकायत से खुला राज
मृतका की मां मिथिलेशा ने जब पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी, तब मामला खुलकर सामने आया. पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की. फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. उन्होंने बताया कि वे कानूनी कार्रवाई से बचना चाहते थे, इसलिए हत्या को सर्पदंश और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई.
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पिता रामदयाल, भाई मुनेश और सुरेश तथा माधुरी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच की जा रही है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.


