मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित बांके बिहारी मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टील रेलिंग लगाने की योजना बनाई गई है. यह ठेका कनिका कंस्ट्रक्शन नामक कंपनी को दिया गया है, जिसके मालिक सलीम अहमद बताए जा रहे हैं. इसको लेकर श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास और बृजवासी नाराज हैं. न्यास के अध्यक्ष पंडित दिनेश फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सनातन धर्म के विरोधियों को हिंदू मंदिरों से लाभ देना स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने ठेका प्रक्रिया की जांच की मांग की और चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो आंदोलन किया जाएगा. वहीं मंदिर की हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी का कहना है कि रेलिंग व्यवस्था दर्शन को सुचारू बनाने के लिए है और ठेका किसे मिला, इसकी जानकारी सभी सदस्यों को नहीं है. फिलहाल मामला धार्मिक और सामाजिक बहस का रूप ले चुका है.