सावधान! ग्रेटर नोएडा का मोमोज बना जानलेवा, खाते ही एक दर्जन से ज्यादा लोग पहुंचे अस्पताल

ग्रेटर नोएडा में मोमोज खाने से दर्जन भर लोगों की तबीयत खराब हो गई है. सभी अस्पताल में भर्ती है. वहीं मौके पर पहुंच खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के लिए सैंपल ले लिए हैं.

Sonee Srivastav

नोएडा: दिल्ली-एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में मोमोज खाने के बाद करीब एक दर्जन लोगों की तबीयत बिगड़ गई. सभी लोगों में उल्टी, पेट दर्द, सिरदर्द और बुखार जैसे लक्षण दिखे. प्रभावित लोगों को तुरंत दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. जांच में सामने आया कि सभी पीड़ितों ने दादरी नगर के तहसील के पास स्थित एक ही दुकान से मोमोज खरीदे और खाए थे. स्वास्थ्य विभाग की टीम अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है.

लक्षण और अस्पताल में भर्ती

जिन लोगों की तबीयत खराब हुई, वे मुख्य रूप से पेट में तेज दर्द, बार-बार उल्टी और बुखार की शिकायत कर रहे हैं. डॉक्टरों ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है. फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं.

पहले भी ग्रेटर नोएडा में ऐसे मामले

यह पहला मामला नहीं है. कुछ समय पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेवियर ग्रीन आर्च मार्केट में स्थित 'मैडम मोमोज' रेस्तरां से मोमोज खाने के बाद भी एक दर्जन से ज्यादा लोग बीमार हो गए थे. उस समय कई लोगों की हालत इतनी बिगड़ गई थी कि उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा था. खाद्य सुरक्षा टीम ने तुरंत सैंपल लिए और रेस्तरां को बंद करा दिया था.

गाजियाबाद का पुराना मामला

2018 में गाजियाबाद में भी मोमोज खाने से 35 लोगों को अस्पताल ले जाना पड़ा था. उनमें 12 बच्चे भी शामिल थे. मोमोज गंदे तरीके से बनाए गए थे, जिससे पेट दर्द के साथ एक व्यक्ति को लीवर की समस्या भी हो गई थी. पुलिस ने उस समय मोमोज बनाने वालों को गिरफ्तार किया था.

खाद्य सुरक्षा विभाग की भूमिका

ऐसे मामलों में खाद्य निरीक्षक तुरंत मौके पर पहुंचकर सैंपल लेते हैं और दुकान को सील कर देते है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि सड़क किनारे या अनजान जगहों से ऐसे स्ट्रीट फूड खाने से बचें. हमेशा साफ-सुथरी और लाइसेंस वाली जगह से ही खाना खरीदें. 

ग्रेटर नोएडा में मोमोज जैसे पॉपुलर स्ट्रीट फूड से बार-बार फूड पॉइजनिंग के मामले सामने आ रहे हैं. लोग अब सतर्क हो रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने भी दुकानों पर सख्त निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो