हापुड़: पिलखुवा में 70 झुग्गियों और कपड़ा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, पूरे इलाके में फैला धुएं का काला गुबार

हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र के पास झुग्गी बस्ती में सोमवार सुबह करीब नौ बजे आग लगने से हड़कंप मच गया. लगभग 70 झुग्गियां और कपड़ा फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई. आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं के काले गुबार से ढक गया.

Shraddha Mishra

पिलखुवा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. मोदीनगर रोड के पास स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री के नजदीक बनी झुग्गी बस्ती में अचानक आग भड़क उठी. कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेज हो गई कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. चारों तरफ धुआं फैल गया और लोग डर के माहौल में इधर-उधर भागने लगे.

सुबह करीब 9 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते करीब 70 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया. झुग्गियों में प्लास्टिक, पॉलिथीन और कबाड़ जैसी चीजें मौजूद थीं, जो आग को और तेजी से फैलाने का कारण बनीं. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास के गोदाम और फैक्ट्रियां भी इससे अछूती नहीं रहीं.

गोदामों और फैक्ट्री को भारी नुकसान

आग फैलते हुए पास में स्थित गायत्री लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट, यूनाइटेड ट्रांसपोर्ट और एक जींस सिलाई फैक्ट्री तक पहुंच गई. गोदामों में रखा भारी मात्रा में सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया. जानकारी के अनुसार एक गोदाम में लगभग 800 गांठ माल रखा था, जबकि दूसरे में करीब 250 गांठ माल मौजूद था, जो आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया.

दमकल और पुलिस ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग तुरंत मौके पर पहुंच गए. करीब आठ दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने झुग्गियों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला. राहत और बचाव कार्य के दौरान काफी सतर्कता बरती गई.

क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने मौके पर पहुंचकर पूरे बचाव अभियान की निगरानी की. अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे और आग पर जल्द से जल्द काबू पाया जाए.

नुकसान का आकलन जारी, कारणों की जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अभी वास्तविक नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो