शामली में होमगार्ड को आयकर विभाग से मिला 54 करोड़ का नोटिस

उत्तर प्रदेश के शामली में एक होमगार्ड के बैंक खाते से 54 करोड़ रूपये के ट्रांजैक्शन का मामला सामने आया है। आयकर विभाग ने इसको लेकर नोटिस जारी की है।

Sagar Dwivedi
Edited By: Sagar Dwivedi

शामली। उत्तर प्रदेश के शामली में एक होमगार्ड को आयकर विभाग की तरफ से नोटिस मिला है। यह नोटिस 54 करोड़ रूपये के ट्रांजैक्शन को लेकर मिला है। जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय में तैनात होमगार्ड के PAN नंबर से जुड़े बैंक खाते में कई किस्तों में कुल 54 करोड़ रूपए का लेन देन का मामला सामने आया है। अब दिल्ली आयकर विभाग ने उसे नोटिस देते हुए स्पष्ट्रीकरण मांगा है।

DM कैंप कार्यालय पर तैनात होमगार्ड को बैंक खाते में 54 करोड़ रुपये का लेन- देन करने और आयकर जमा न करने का नोटिस मिला है। दिल्ली आयकर कार्यालय से मिले नोटिस को लेकर होमगार्ड व उसके परिवार में हड़कंप मचा है। होमगार्ड ने इस तरह के लेनदेन की जानकारी होने से इंकार करते हुए डीएम व एसपी को शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है गांव कुड़ाना सोमपाल होमगार्ड है। वर्तमान में उनकी ड्यूटी डीएम कैंप कार्यालय पर चल रही है।

होमगार्ड ने डीएम रविंद्र सिंह से मिलकर बताया कि उसे रजिस्टर्ड डाक से नौ अप्रैल को आयकर विभाग नई दिल्ली के नाम से नोटिस मिला है। नोटिस में उनके नाम से बैंक खाते में 2018 से अब तक लगभग 54 करोड़ रुपये का लेनदेन होना बताते हुए आयकर जमा न किया जाना बताया है। होमगार्ड का कहना है कि उसके सिर्फ दो बैंक खाते हैं, जिनमें एक खाते में उनका वेतन आता है, जबकि दूसरा बैंक खाता कृषि संबंधी है। उनके पास लगभग छह बीघा खेती की जमीन है। इसके अलावा आय का कोई अन्य स्रोत नहीं है।

होमगार्ड का कहना है कि उसके दोनों खाते में इतनी बड़ी धनराशि का लेनदेन नहीं हुआ है। नोटिस में दी गई तारीख के अनुसार वह 10 अप्रैल को दिल्ली आयकर कार्यालय में गए थे, जहां पर उसे एक अन्य बैंक खाते में 54 करोड़ का लेनदेन होना बताया है। वहां पर अधिकारियों ने उसके बयान भी लिए हैं। होमगार्ड ने कलेक्ट्रेट में डीएम रविंद्र सिंह को नोटिस मिलन की जानकारी देते हुए न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद एसपी अभिषेक से मिलकर मामले से अवगत कराया। एसपी ने साइबर सेल से मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag