लखनऊ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटने से 7 लोगों की हुई मौत, 21 घायल CM योगी ने जताया दुख

लखनऊ में भयानक सड़क हादसा हुआ है. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके कारण 7 लोगों की मौत हो गई है. साथ ही 21 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

calender

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार 23 फरवरी को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गोसाईगंज क्षेत्र के हसनपुर के पास एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई.

इस हादसे में कम से कम 7 यात्रियों की मौत हो गई और 21 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.  हालांकि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. बस लुधियाना से दरभंगा जा रही थी और उसमें लगभग 40 यात्री सवार थे. 

हादसे का कारण

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि ड्राइवर को नींद आ गई थी, जिसके कारण बस तेज रफ्तार में सड़क किनारे पटल गई. स्लीपर कोच होने से कई यात्री ऊपरी बर्थ से नीचे गिरे और उन्हें गंभीर चोटे आई. कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए थे. 

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, SDRF और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. क्रेन की मदद से बस को उठाया गया. घायलों को तुरंत ट्रामा सेंटर और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है. मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं. 

मौके पर अफरा-तफरी

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. लोग चीख रहे थे, रो रहे थे. स्थानीय निवासियों ने पहले बचाव कार्य शुरू किया. बस का मलबा सड़क पर फैला हुआ था. ट्रैफिक जाम लग गया और कई घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा. अधिकारियों ने क्रेन और भारी मशीनरी से सफाई कार्य किया. 

सीएम योगी ने मदद के लिए बढ़ाया हाथ 

पुलिस ने बस ड्राइवर और मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. जांच में ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और ड्राइवर की फिटनेस की जांच की जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताया और मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये तथा घायलों को इलाज के लिए हर संभव मदद देने का निर्देश दिया है.

परिवहन विभाग ने एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बसों की जांच बढ़ाने का फैसला किया है. यह हादसा सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही को फिर उजागर करता है. First Updated : Monday, 23 February 2026