लखनऊ पुलिस का बड़ा एक्शन, परीक्षा देने आई छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी का एनकाउंटर

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं के साथ बीच रास्ते में अभद्रता करने वाले ऑटो ड्राइवर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही दबोच लिया. लखनऊ के पारा इलाके में देर रात हुई एक पुलिस एनकाउंटर के दौरान भागने की कोशिश कर रहे आरोपी के पैर में गोली लगी है.

calender

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से महिला सुरक्षा और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं के साथ बीच रास्ते में अभद्रता करने वाले ऑटो ड्राइवर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही दबोच लिया. लखनऊ के पारा इलाके में देर रात हुई एक पुलिस एनकाउंटर के दौरान भागने की कोशिश कर रहे आरोपी के पैर में गोली लगी है. 

सुनसान रास्ते पर ले गया ड्राइवर

पीड़ित दोनों युवतियां मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले की रहने वाली हैं. वे दोनों लखनऊ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरी थीं और उन्हें सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए रायबरेली जाना था. बस पकड़ने के उद्देश्य से दोनों लड़कियां हसीब नाम के एक शख्स के ऑटो में बैठी थीं.

छात्राओं के साथ छेड़छाड़

आरोप है कि हसीब उन्हें तय रास्ते पर बस अड्डे ले जाने के बजाय एक सुनसान इलाके की तरफ ले गया. वहां उसने सुनसान जगह का फायदा उठाकर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. जब लड़कियों ने इसका डटकर विरोध किया, तो हसीब ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की. लड़कियों द्वारा शोर मचाए जाने पर आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गया.

आरोपी की पहचान

इस खौफनाक घटना के बाद दोनों पीड़िता किसी तरह नजदीकी पुलिस स्टेशन पहुंचीं और अपनी आपबीती सुनाई. लखनऊ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले लड़कियों की शिकायत दर्ज की और उनकी परीक्षा न छूटे, इसलिए उन्हें तुरंत सुरक्षित तरीके से रायबरेली परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया. इसके बाद पुलिस टीम ने घटना स्थल और उसके आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे ऑटो नंबर और आरोपी ड्राइवर हसीब की पुख्ता पहचान हो सकी.

मुठभेड़ में आरोपी हसीब गिरफ्तार

देर रात पुलिस ने पारा इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया. खुद को घिरा देख हसीब ने पुलिस टीम पर अवैध असलहे से फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाई, जो सीधे हसीब के पैर में जा लगी. पुलिस ने मौके से उसका ऑटो, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हसीब का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी हरदोई जिले में एक दुष्कर्म के मामले में जेल की हवा खा चुका है. First Updated : Tuesday, 09 June 2026