प्रयागराज में आग का कहर: पूरा होटल हुआ धुआं-धुआं, 12 लोग फंसे! रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

इस घटना के बाद मौके पर मौजूद फायर अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही कई फायर टेंडर भेजे गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा खुद अपनी टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन संभाल रहे हैं।

Sachin Hari Legha

प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज में सोमवार (18 मई 2026) को एक बड़ा हादसा हो गया। सिविल लाइन्स इलाके के बिट्ठल होटल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि होटल से ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। होटल के अंदर 12 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की खबर है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया है।

आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड की टीम   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस घटना के बाद मौके पर मौजूद फायर अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही कई फायर टेंडर भेजे गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा खुद अपनी टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन संभाल रहे हैं।

पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान सीढ़ियों और दूसरे उपकरणों की मदद से होटल के कमरों में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश लगातार जारी है, लेकिन अभी तक पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी है।

ट्रांसफार्मर में धमाके से फैली आग   

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक होटल के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद निकली चिंगारी ने देखते ही देखते पूरे बिट्ठल होटल को चपेट में ले लिया। होटल की खिड़कियों से आग की लपटें बाहर आ रही थीं। 

दरअसल आगजनी के बाद उठे काले धुएं के कारण आसपास के इलाके में अफरा तफरी मच गई। लोग डर के मारे इधर उधर भागने लगे। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।

सीएम योगी ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश   

गौरतलब है कि प्रयागराज में हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को फौरन मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि होटल के अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाए। सीएफओ चंद्र मोहन शर्मा मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। 

स्थानीय प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। आग पर काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो पाएगा। सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने इलाके को घेर लिया है, ताकि रेस्क्यू में कोई दिक्कत न आए।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो