मुजफ्फरनगर में हिंदू युवती के साथ घूम रहा मुस्लिम युवक को घेरकर भीड़ ने जमकर की पिटाई, पुलिस ने बचाई जान

मुजफ्फरनगर के जिला परिषद मार्केट में एक युवक की भीड़ ने कथित तौर पर पहचान को लेकर मारपीट कर दी, जबकि उसके साथ मौजूद युवती उसे बचाने की कोशिश करती रही.

calender

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक युवक और युवती के साथ हुई मारपीट का मामला चर्चा में है. जिला परिषद मार्केट में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग एक युवक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं, जबकि उसके साथ मौजूद युवती उसे बचाने की कोशिश करती दिखाई देती है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.

मार्केट में कैसे शुरू हुआ विवाद?

जानकारी के अनुसार, युवक और युवती एक जलपान की दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने दोनों की पहचान को लेकर सवाल पूछने शुरू किए. बताया जा रहा है कि युवक मुस्लिम समुदाय से और युवती हिंदू समुदाय से है. हालांकि पुलिस ने अभी तक दोनों की पहचान और धर्म से जुड़ी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पहले बताया दूसरा नाम, फिर बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने शुरुआत में अपना नाम "आशु शर्मा" बताया. बाद में उसकी पहचान को लेकर विवाद खड़ा हो गया. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और युवक के साथ मारपीट शुरू हो गई. वायरल वीडियो में युवती लगातार उसे भीड़ से बचाने की कोशिश करती दिखाई देती है. इस दौरान उसके साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने के भी आरोप सामने आए हैं.

पुलिस ने दोनों को सुरक्षित निकाला

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने भीड़ के बीच से युवक और युवती को सुरक्षित निकालकर सिविल लाइन थाने पहुंचाया. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.

बजरंग दल कार्यकर्ता ने दी सफाई

घटना के दौरान मौजूद एक व्यक्ति, जिसने खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताया, उन्होने खुद को मारपीट में शामिल होने से इनकार किया. उनका कहना है कि उन्होंने केवल युवक से पहचान पूछी थी. उनका दावा है कि भीड़ द्वारा हुई मारपीट में उनकी कोई भूमिका नहीं थी और पुलिस को सूचना भी उन्होंने ही दी थी.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विभिन्न दावों की भी सत्यता की जांच की जा रही है और अधिकारियों ने लोगों से अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने की अपील की है. First Updated : Monday, 13 July 2026

Topics :