मां से बोली-'ससुराल वाले मार रहे हैं..', फिर जली हालत में मिली नवविवाहिता की लाश

ग्रेटर नोएडा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने सभी को झकझोर दिया है. शादी के सिर्फ तीन महीने बाद युवती ने मां को कॉल कर बताया कि ससुराल वाले उसे मार रहे हैं, लेकिन जब परिवार पहुंचा तो उसकी लाश जली हुई हालत में मिली.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

दादरी: ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय युवती मोनिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि शादी के महज तीन महीने बाद ही प्रॉपर्टी के लालच में उसकी हत्या कर दी गई. घटना से पहले युवती ने अपनी मां और रिश्तेदारों को कॉल कर मारपीट की जानकारी दी थी.

मामले ने तब और सनसनी फैला दी जब परिजन मौके पर पहुंचे और युवती का शव जली हुई हालत में मिला. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है.

तीन महीने पहले हुई थी कोर्ट मैरिज

यह मामला ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के घोड़ी गांव का है. पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय मोनिका अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहती थी.

कुछ समय पहले मोनिका ने घोड़ी बछेडा गांव निवासी अनुज चौहान से कोर्ट मैरिज की थी. बताया जा रहा है कि यह शादी दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी.

शादी के बाद शुरू हुए विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी के बाद मोनिका और उसके पति अनुज चौहान के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद होने लगा था.

परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक लगातार मोनिका पर प्रॉपर्टी अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था.

आखिरी कॉल में मां से कही ये बात

परिवार के मुताबिक, घटना से पहले मोनिका ने अपने मौसेरे भाई और मां को फोन कर बताया था कि उसके पति और ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं.

बताया जा रहा है कि उसने कॉल पर कहा, "मम्मी, ससुराल वाले मार रहे हैं..."

यह कॉल परिवार के लिए उसकी आखिरी बातचीत साबित हुई.

मौके पर पहुंची मां तो मिला शव

मोनिका की कॉल मिलने के बाद परिजन तुरंत गांव पहुंचे. आरोप है कि वहां पहुंचने पर घर के बाहर भीड़ लगी हुई थी और मोनिका का शव सड़क किनारे जली हुई हालत में पड़ा मिला.

घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार बताया जा रहा है.

पुलिस ने दर्ज किया केस

सूचना मिलते ही दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा.

परिजनों ने CM योगी से लगाई न्याय की गुहार

मृतका के परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग की है. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो