एस जयशंकर की क्रिकेटर ब्रायन लारा से की खास मुलाकात, बच्चों को भेंट किए 'मेड इन इंडिया' लैपटॉप

भारत के विदेश मंत्री  एस जयशंकर ने अपने त्रिनिदाद और टोबैगो दौरे के दौरान क्रिकेट दुनिया के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा से मुलाकात की. इस दौरान कई अहम मुद्दों पर समझौता भी किया गया.

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

नई दिल्ली: भारत के विदेश मंत्री  एस जयशंकर ने अपने त्रिनिदाद और टोबैगो दौरे के दौरान क्रिकेट दुनिया के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा से मुलाकात की. बता दें, इस खास मुलाकात की तस्वीरें जयशंकर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए और लारा को “वन एंड ओनली” बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया. इस दौरान क्रिकेट और कूटनीति के इस अनोखे मेल ने भारत और कैरेबियाई देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक रिश्तों को एक बार फिर उजागर किया. 

दुनिया भर में पॉपुलैरिटी 

विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित ध्वजारोहण समारोह में भी ब्रायन लारा विशेष रूप से मौजूद रहे. जयशंकर ने समारोह में शामिल होने के लिए उनका आभार जताया. 17 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में 11 हजार से अधिक टेस्ट रन बनाने वाले और टेस्ट क्रिकेट में 400 रन की ऐतिहासिक पारी खेलने वाले लारा की पॉपुलैरिटी आज भी दुनिया भर में कायम है.

पीएम से भी मुलाकात 

अपने दौरे के दौरान जयशंकर ने त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर से भी मुलाकात की. वही इस मुलाकात को खास बनाते हुए दोनों नेताओं ने मिलकर स्थानीय स्कूली बच्चों को भारत में निर्मित लैपटॉप वितरित किए. इसे भारत की ‘डिजिटल इंडिया’ पहल और विकास सहयोग को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

जयशंकर ने प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर के नेतृत्व और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी तारीफ की. इसके साथ ही उन्होंने त्रिनिदाद संसद में मिले सम्मान और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए भी आभार व्यक्त किया.

अहम समझौतों पर हुआ हस्ताक्षर 

इस यात्रा के दौरान भारत और त्रिनिदाद व टोबैगो के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए. ये समझौते पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा, पारंपरिक चिकित्सा और विकास सहयोग जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं. भारत ने सौर ऊर्जा और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग बढ़ाने की इच्छा भी जताई. त्रिनिदाद और टोबैगो के विदेश मंत्री शॉन सोबर्स ने जयशंकर का स्वागत किया और दोनों देशों के बीच भविष्य में होने वाली रणनीतियों को लेकर भी चर्चा की. 

दक्षिण कैरेबियाई दौरे का अंतिम चरण 

बता दें, त्रिनिदाद और टोबैगो की यह यात्रा जयशंकर के तीन देशों के आधिकारिक दौरे का अंतिम चरण थी. इससे पहले उन्होंने जमैका और सूरीनाम का दौरा किया था. इस पूरे दौरे का उद्देश्य कैरेबियाई देशों के साथ भारत के रिश्तों को और मजबूत करना तथा दक्षिण व दक्षिण सहयोग को नई दिशा देना था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो