लखनऊ: राज्य निर्वाचन आयोग बुधवार यानी आज त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी करने जा रहा है. बता दें, लंबे इंतजार के बाद मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी होने जा रही है, जिससे पंचायत चुनाव की तैयारियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद चुनाव कार्यक्रम को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है.
आयोग ने इससे पहले 23 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की थी, जिसमें प्रदेश के करीब 12.69 करोड़ मतदाताओं का विवरण शामिल था. इसके बाद मतदाताओं से दावे और आपत्तियां मांगी गई थीं, जिनके संबंध में राज्यभर से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए. वहीं आयोग ने सभी आवेदनों की सुनवाई कर आवश्यक संशोधन और सुधार की प्रक्रिया पूरी कर ली है.
अनंतिम सूची में बड़ी संख्या में नए मतदाताओं को शामिल किया गया था. इसके साथ ही लाखों मतदाताओं के विवरण में सुधार किया गया और कई नामों को सूची से हटाया भी गया था. इससे पहले वर्ष 2021 की मतदाता सूची में कुल 12.29 करोड़ मतदाता दर्ज थे. इस बार मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेटेड बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है.
चुनाव आयोग ने अप्रैल और मई के दौरान डुप्लीकेट नामों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष अभियान भी चलाया था. बता दें, इस अभियान का उद्देश्य एक ही व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने की स्थिति को समाप्त करना था. अधिकारियों के अनुसार अब सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और अंतिम सूची निर्धारित समय पर जारी कर दी जाएगी.
इसी बीच खास बात है कि इस बार पंचायत चुनाव में तकनीक का व्यापक उपयोग देखने को मिलने वाला है. आयोग ने सभी मतदाताओं को एक विशेष स्टेट वोटर नंबर उपलब्ध कराया है. इसके साथ ही मतदाताओं का फोटो सहित पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा.
इसके अलावा, मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए मोबाइल एप का भी इस्तेमाल किया जाएगा. मतदान केंद्र पर मतदाता का फोटो लेते ही सिस्टम यह जानकारी दे सकेगा कि संबंधित व्यक्ति पहले मतदान कर चुका है या नहीं. इससे फर्जी मतदान और दोबारा वोट डालने जैसी गड़बड़ियों पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी. First Updated : Wednesday, 10 June 2026