राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा अपडेट, पुलिस ने दर्ज किया पूर्व महासचिव चंपत राय का बयान
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इसी बीच पुलिस ने पूर्व महासचिव चंपत राय का बयान दर्ज किया. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच के दौरान आवश्यकता महसूस हुई तो ट्रस्ट के अन्य प्रमुख पदाधिकारियों से भी बयान लिए जाएंगे.

अयोध्या: अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. अब इस मामले में जांच एजेंसियों ने ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का बयान भी दर्ज किया है. पुलिस इस पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है और जरूरत पड़ने पर ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों से भी पूछताछ की जा सकती है. हाल ही में चंपत राय ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है.
पुलिस ने जांच के तहत चंपत राय से पूछताछ कर उनका बयान रिकॉर्ड किया है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच के दौरान आवश्यकता महसूस हुई तो ट्रस्ट के अन्य प्रमुख पदाधिकारियों, जिनमें अनिल मिश्रा भी शामिल हैं, से भी बयान लिए जाएंगे. जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हैं.
ट्रस्ट को पहले से थी मामले की जानकारी
सूत्रों के अनुसार, मंदिर ट्रस्ट को चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की जानकारी पहले ही मिल चुकी थी. बताया जा रहा है कि औपचारिक शिकायत दर्ज होने से पहले ही पुलिस ने प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी थी. ट्रस्ट ने हाल ही में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चंपत राय के इस्तीफे की पुष्टि भी की थी. जानकारी के मुताबिक, शुरुआती स्तर पर मामले को सार्वजनिक नहीं किया गया था, बल्कि जांच को गोपनीय तरीके से आगे बढ़ाया गया.
5 जून को हुई थी पहली कार्रवाई
सूत्रों का दावा है कि 5 जून को चंपत राय के निर्देश पर ट्रस्ट के प्रतिनिधि पुलिस टीम के साथ आरोपी अविनाश शुक्ला के ठिकाने पर पहुंचे थे. इसी दौरान पुलिस ने छापेमारी कर अविनाश शुक्ला को हिरासत में लिया था. बताया जा रहा है कि उसके पास से नकदी भी बरामद की गई थी. हालांकि उस समय ट्रस्ट की ओर से कोई औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई थी. बाद में 7 जून को यह मामला सार्वजनिक रूप से सामने आया, जिसके बाद जांच ने तेजी पकड़ ली.
सामने आया सीसीटीवी फुटेज
इस मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. यह वीडियो 5 जून 2026 की रात लगभग 8 बजकर 13 मिनट का बताया जा रहा है. करीब 24 सेकंड के इस फुटेज में पुलिसकर्मी और बैंक कर्मचारी अविनाश शुक्ला को हिरासत में लेकर एक सफेद रंग की कार की ओर ले जाते दिखाई देते हैं. वीडियो में उसके हाथ में एक काला बैग भी नजर आता है. सूत्रों का कहना है कि इसी बैग में वह नकदी रखी गई थी, जो कार्रवाई के दौरान बरामद हुई थी. बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी के पास से करीब पांच लाख रुपये बरामद किए थे. फुटेज में पूरी कार्रवाई स्पष्ट रूप से दिखाई देने का दावा किया जा रहा है.
अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव शामिल हैं. जांच के अनुसार, ये सभी लोग मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकद दान और अन्य कीमती सामान की गिनती से जुड़े कार्य में शामिल थे. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित गड़बड़ी किस स्तर तक हुई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही.


