पहले से था चंपत राय को चोरी का शक? 5 जून के CCTV से राम मंदिर 'चढ़ावा चोरी' में नया खुलासा

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी केस में नया मोड़ आया है। सूत्रों के मुताबिक मंदिर ट्रस्ट को गड़बड़ी की भनक पहले से थी। पुलिस ने औपचारिक FIR से पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी थी।

Sachin Hari Legha

अयोध्या: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी केस में नया मोड़ आया है। सूत्रों के मुताबिक मंदिर ट्रस्ट को गड़बड़ी की भनक पहले से थी। पुलिस ने औपचारिक FIR से पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी थी। 5 जून को चंपत राय के निर्देश पर ट्रस्ट के प्रतिनिधि पुलिस के साथ आरोपी अविनाश शुक्ला के ठिकाने पर पहुंचे थे। उसी दिन छापेमारी में अविनाश को हिरासत में लिया गया और नकदी भी मिली।  

शिकायत से पहले ही हुई थी कार्रवाई   

बताया जा रहा है कि उस समय ट्रस्ट ने कोई आधिकारिक FIR दर्ज नहीं कराई थी। शुरुआती कार्रवाई अनौपचारिक रही। मामला 7 जून को सार्वजनिक हुआ। पुलिस सूत्रों का कहना है कि चढ़ावे की चोरी की जानकारी मिलते ही अविनाश शुक्ला से करीब 5 लाख रुपये बरामद किए गए थे।  

24 सेकंड का CCTV फुटेज आया सामने   

अब आरोपी अविनाश शुक्ला का एक्सक्लूसिव CCTV फुटेज सामने आया है। यह 5 जून 2026 की रात 8:13 बजे का 24 सेकंड का वीडियो है। फुटेज में पुलिसकर्मी और बैंक कर्मचारी अविनाश को हिरासत में लेकर सफेद कार की तरफ ले जाते दिख रहे हैं। अविनाश के हाथ में काला बैग भी है। दावा है कि बरामद नकदी इसी बैग में थी। वीडियो में साफ दिखता है कि पुलिस आरोपी को गाड़ी में बैठा रही है।  

आठों आरोपियों के घर फिर पड़ी रेड   

रविवार को पुलिस ने चढ़ावा चोरी में गिरफ्तार आठों आरोपियों के घरों पर एक साथ छापे मारे। लव कुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रामाशंकर यादव समेत सभी के घरों की तलाशी ली गई। स्थानीय मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई कार्रवाई में कुछ घरों से जेवरात और प्रॉपर्टी के कागजात मिले हैं।  

जेवरात और प्रॉपर्टी की होगी जांच   

पुलिस अब बरामद जेवरात और दस्तावेजों का वेरिफिकेशन कराएगी। यह पता लगाया जाएगा कि संपत्तियां किस पैसे से खरीदी गईं। कहीं इनका संबंध राम मंदिर के चढ़ावे की रकम से तो नहीं है। मनीष यादव के घर से आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक दस्तावेज मिले। घर बंद होने पर परिवार से ताला खुलवाकर तलाशी हुई। रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव के घर भी जांच की गई और परिजनों से पूछताछ हुई।  

कोर्ट में पेशी, रिमांड मांग सकती है पुलिस    

कोर्ट ने दो दिन पहले ही आठों आरोपियों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा था। माना जा रहा है कि सोमवार को पेशी के दौरान पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग करेगी। ताकि चोरी की रकम और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो