राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 8 आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी, टिन्नू के घर से मिले गहने और कागजात
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने टिन्नू यादव समेत सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर गहने, नकदी और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं.

अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. रविवार को पुलिस ने इस मामले में नामजद सभी आठ आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान टिन्नू यादव के घर से कुछ गहने, नकदी, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए गए हैं. पुलिस अब इन सभी सामानों की जांच कर रही है.
बरामद सामान का किया जा रहा मूल्यांकन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान मिले सभी सामान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है. शाम तक यह तय किया जाएगा कि बरामद वस्तुओं का मामले से क्या संबंध है. इसके बाद पुलिस यह फैसला करेगी कि आरोपियों को दोबारा पुलिस रिमांड पर लेने की जरूरत है या नहीं.
लेखपाल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
रविवार सुबह पुलिस टीम लेखपाल को साथ लेकर टिन्नू यादव के घर पहुंची. वहां परिजनों से पूछताछ करने के बाद घर की तलाशी ली गई. इसी तरह अलग-अलग पुलिस टीमों ने रामशंकर मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला और मनीष यादव समेत अन्य आरोपियों के घरों पर भी तलाशी अभियान चलाया. पुलिस ने सभी आरोपियों के परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए हैं.
पुलिस बोली दोषियों पर होगी कार्रवाई
इस मामले पर सीओ आशुतोष तिवारी ने कहा कि जांच लगातार जारी है और जो भी व्यक्ति इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है.
पड़ोसियों ने भी जताई नाराजगी
छापेमारी के दौरान आसपास के लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. एक पड़ोसी ने कहा कि यदि किसी ने मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी की है तो यह बेहद शर्मनाक है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए. वहीं, कुछ पड़ोसियों ने बताया कि आरोपियों का व्यवहार सामान्य लगता था और उन्हें कभी किसी संदिग्ध गतिविधि का अंदाजा नहीं हुआ. उनका कहना है कि पूरे मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.


