'सॉरी दीदी' बोलकर महिला राइडर्स को बनाता था शिकार, व्यूज और कमाई के लालच में यूट्यूबर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर व्यूज और कमाई के लिए महिला राइडर्स व नाबालिग लड़कियों को परेशान कर उनके वीडियो बिना अनुमति के अपलोड करता था.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और कमाई के लिए महिला राइडर्स और लड़कियों को परेशान करता था. आरोपी पर आरोप है कि वह जानबूझकर उनकी गाड़ियों से टक्कर मारता, उनका पीछा करता और फिर उनकी जानकारी या अनुमति के बिना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता था.

पुलिस से बचने के लिए अपनाता था खास तरीका

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हर वीडियो की शुरुआत "सॉरी दीदी" बोलकर करता था, ताकि लोगों को शक न हो और वह खुद को निर्दोष दिखा सके. यह मामला तब सामने आया जब राजा गार्डन निवासी एक व्यक्ति ने साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.

नाबालिग लड़कियों का पीछा कर बनाए वीडियो

शिकायतकर्ता के अनुसार, 2 जून को बाइक सवार दो युवकों ने उनकी नाबालिग बेटियों की स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी. इसके बाद दोनों ने उनका पीछा किया, अभद्र टिप्पणियां की और आपत्तिजनक व्यवहार किया. कुछ दिन बाद परिवार को सोशल मीडिया पर बेटियों के वीडियो दिखाई दिए, जिन्हें बिना अनुमति के अपलोड किया गया था.

जांच में खुली पूरी साजिश

पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की तो पता चला कि आरोपी के प्लेटफॉर्म पर अधिकतर वीडियो महिला राइडर्स और नाबालिग लड़कियों से जुड़े थे. डिजिटल और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने सुभाष नगर निवासी 32 वर्षीय गुरमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया. उसके मोबाइल फोन से कई वीडियो, स्क्रीनशॉट और सोशल मीडिया अकाउंट्स से जुड़े डिजिटल सबूत भी बरामद किए गए.

व्यूज और कमाई के लिए करता था ऐसा

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया पर ज्यादा फॉलोअर्स, वायरल कंटेंट और मॉनेटाइजेशन से कमाई करने के उद्देश्य से ऐसे वीडियो बनाता था. पुलिस के अनुसार, उसके चैनल पर करीब 21 हजार और सोशल मीडिया पेज पर लगभग 2.1 लाख फॉलोअर्स थे. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरह के और कितने वीडियो अपलोड किए गए थे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो