सऊदी अरब में बड़ा हादसा, अरामको हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई 14 लोगों की गई
ऊदी अरब से हाल ही में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां रास तनुरा क्षेत्र में रविवार को सऊदी अरामको का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. वहीं हादसे में 14 लोगों की मौत की खबर सामने आई हैं

नई दिल्ली: सऊदी अरब के रास तनुरा क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा विमानन हादसा हो गया. देश की प्रमुख ऊर्जा कंपनी सऊदी अरामको का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग सऊदी नागरिक थे. फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
एजेंसियां ने शुरू की जांच
हादसे के बाद संबंधित एजेंसियां तुरंत एक्टिव हो गई हैं. हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक उड़ान के उद्देश्य, मृतकों की पहचान या दुर्घटना की परिस्थितियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. बता दें, घटना को लेकर शुरुआती जांच जारी है और प्रशासन का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा.
मंत्रालय ने जताया शोक
वहीं घटना के बाद, सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है. मंत्रालय ने अपने बयान में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और उनके परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना की है. इसके साथ ही कहा कि सरकार इस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है.
रास तनुरा क्षेत्र क्यों हैं प्रसिद्ध?
यह दुर्घटना रास तनुरा में हुई, जो सऊदी अरब के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा केंद्रों में से एक माना जाता है. यह क्षेत्र न केवल सऊदी अरामको की प्रमुख तेल रिफाइनरियों का केंद्र है, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े कच्चे तेल निर्यात टर्मिनलों में भी इसकी गिनती होती है. ऐसे में इस हादसे ने ऊर्जा क्षेत्र में भी चिंता बढ़ा दी है.
सऊदी अरामको के विमान
सऊदी अरामको लंबे समय से अपने औद्योगिक और अपतटीय परिचालनों के लिए हेलीकॉप्टर और विमानों का उपयोग करती रही है. वहीं साल 2023 में कंपनी ने अपने विमानन विभाग को अलग कर अलौला एविएशन नाम की सहायक कंपनी के रूप में स्थापित किया था. वर्तमान में यह इकाई 60 से अधिक विमानों और हेलीकॉप्टरों का संचालन करती है, जिनका उपयोग अपतटीय संचालन, मेडिकल इवैक्यूएशन और लॉजिस्टिक्स सेवाओं के लिए किया जाता है.
फिलहाल जांच एजेंसियां हादसे के हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं. दुर्घटना की वजह सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से यह दुर्घटन हुई.


