फ्रांस में बड़ा विमान हादसा, नैंसी के पास क्रैश हुए विमान में 11 लोगों की मौत

पूर्वी फ्रांस के नैंसी के पास टॉमब्लेन इलाके में रविवार को स्काईडाइवरों को ले जा रहा एक नागरिक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस घटना में करीब 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई है.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: पूर्वी फ्रांस के नैंसी के पास टॉमब्लेन इलाके में रविवार को स्काईडाइवरों को ले जा रहा एक नागरिक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत खबर सामने आई है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और आपातकालीन चिकित्सा टीमें मौके पर पहुंच गई है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया. 

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ. इस दौरान विमान में एक पायलट के अलावा 10 अन्य लोग मौजूद थे. वहीं बताया जा रहा है कि इनमें पांच ट्रेनी स्काईडाइवर और पांच ट्रेनर शामिल थे. 

इलाके में बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था

बता दें, हादसे के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे दुर्घटनास्थल के आसपास जाने से बचें ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए. इसके साथ ही वाहन चालकों से आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देने की भी अपील की गई हैं. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना के बाद विमान में विस्फोट का खतरा भी बना हुआ था, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों ने अतिरिक्त सावधानी बरती. घटना के बाद फ्रांस के गृह मंत्री भी हालात का जायजा लेने के लिए दुर्घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं. 

किस कारण हुआ ये हादसा? 

फिलहाल विमान हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. हालांकि शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है और विशेषज्ञों की टीम दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के पीछे की असली वजह है पता चल पाएगा.

बता दें, इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पैराशूटिंग स्कूल से जुड़े लोगों और मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है. वहीं प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो