T20 World Cup 2024 के फाइनल में लॉन्ग ऑफ कैच को याद कर इमोशनल हुए सूर्यकुमार यादव, लिखा दिल को छू लेने वाला मैसेज
आज का दिन सूर्यकुमार यादव से लेकर रोहित शर्मा, विराट कोहली और क्रिकेट फैंस के लिए बेहद ही यादगार दिन है. आज ही के दिन 2 साल पहले T20 World Cup 2024 की ट्रोफी भारत के नाम हुई थी.

नई दिल्ली: भारत की टी20 विश्व कप 2024 जीत को दो साल पूरे होने पर स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव भावुक नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास संदेश साझा करते हुए उस ऐतिहासिक जीत और करोड़ों भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के प्यार को याद किया. टी20 विश्व कप फाइनल में लिया गया उनका शानदार लॉन्ग ऑफ कैच आज भी क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में ताजा है.
दो साल बाद फिर ताजा हुई सुनहरी यादें
29 जून 2024 को बारबाडोस में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर 11 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की थी. इस जीत ने करोड़ों भारतीयों का सपना पूरा किया था और टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए यह पल हमेशा के लिए यादगार बन गया.
इसी खास मौके पर सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा कि खेल में कुछ पल ऐसे होते हैं जो जिंदगी भर साथ रहते हैं. उन्होंने लिखा कि हर त्याग, हर संघर्ष, हर अभ्यास और दर्शकों का हर उत्साह उस यादगार रात तक पहुंचने की कहानी का हिस्सा था.
फैंस का जताया आभार
सूर्यकुमार यादव ने अपने संदेश में भारतीय प्रशंसकों का खास तौर पर धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट से पहले, उसके दौरान और फाइनल के बाद तक मिले प्यार और समर्थन ने टीम का हौसला बढ़ाया. उन्होंने लिखा कि 29 जून 2024 की याद हमेशा उनके दिल में रहेगी.
There are moments in sport that stay with you forever.
Every sacrifice, every setback, every practice session, every cheer from the stands- it all led to that unforgettable night.
Proud to have shared it with an incredible group of people and to have experienced it with… pic.twitter.com/MEsj4h2N9m— Surya Kumar Yadav (@surya_14kumar) June 29, 2026
शानदार अभियान के बाद बना था चैंपियन भारत
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया. भारत ने लीग चरण में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों को हराया, जबकि सेमीफाइनल में इंग्लैंड को मात देकर फाइनल में जगह बनाई.
फाइनल में भारत ने 176 रन बनाए, जो टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा पहला स्कोर था. दक्षिण अफ्रीका ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन आखिरी ओवरों में भारतीय गेंदबाजों और सूर्यकुमार यादव के यादगार कैच ने मैच का रुख बदल दिया.
जीत के बाद तीन दिग्गजों ने लिया संन्यास
इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया. यही वजह है कि 29 जून 2024 भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सुनहरे दिनों में हमेशा याद किया जाएगा.


