सोशल मीडिया क्रेज ने ली जान! फेक हैंगिंग रील शूट करते समय स्टूल से फिसली महिला, कुछ सेकंड में हो गई मौत

इंस्टाग्राम रील बनाते हुए 27 साल की मोहिनी की दिल दहला देने वाली मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, वह वीडियो में फांसी लगाने का ड्रामेटिक नाटक कर रही थीं. अचानक संतुलन बिगड़ा, पैर स्टूल से फिसल गया और फंदा गर्दन पर कस गया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

बांदा: उत्तर प्रदेश में सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ कई बार जानलेवा साबित हो रही है. लाइक्स और व्यूज के चक्कर में लोग ऐसे खतरनाक स्टंट करते हैं, जो मजाक से मौत में बदल जाते हैं. ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला हादसा बांदा जिले के बाबेरू कस्बे में हुआ, जहां 27 वर्षीय महिला मोहिनी इंस्टाग्राम रील के लिए फांसी लगाने का नाटक कर रही थी, लेकिन एक छोटी सी चूक ने उसकी जान ले ली.

यह घटना 6 फरवरी की शाम को करुइया पुरवा इलाके में हुई, जब मोहिनी अपने कमरे में अकेले रील बना रही थी. परिवार के अनुसार, उसे सोशल मीडिया पर रील बनाना बहुत शौक था, लेकिन इस बार मजाक सच में भयानक हकीकत बन गया.

कैसे बिगड़ा बैलेंस और हुई मौत?

परिवार वालों ने बताया कि मोहिनी ने छत के हुक पर रस्सी बांधी, स्टूल पर खड़ी हुई और गर्दन में फंदा डालकर एक्टिंग शुरू की. वह मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी. अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया या पैर फिसल गया. जैसे ही पैर स्टूल से उतरे, फंदा गर्दन पर कस गया और कुछ ही सेकंड में उसकी मौत हो गई.

घर में मचा हड़कंप

हादसे का पता तब चला जब मोहिनी की 4 साल की छोटी बेटी कमरे में आई और अपनी मां को फंदे से लटका देखकर जोर-जोर से रोने लगी. बच्ची की चीख सुनकर परिवार के सदस्य और पड़ोसी दौड़े. शुरुआत में सबको लगा कि यह आत्महत्या है, लेकिन बाद में जांच में मोबाइल में रील की कोशिश और घटनाक्रम से साफ हुआ कि यह रील बनाते समय का हादसा था.

पुलिस ने शुरू की जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही बाबेरू पुलिस स्टेशन की टीम और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एसपी पलाश बंसल ने कहा कि शुरुआती जांच में यह मामला रील बनाते समय हुए हादसे जैसा लग रहा है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. यह घटना सोशल मीडिया पर खतरनाक कंटेंट बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति की ओर इशारा करती है, जहां वायरल होने की चाहत में लोग अपनी और परिवार की सुरक्षा को दांव पर लगा देते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag