मुरादाबाद की सियासत में फिर बढ़ी हलचल, सपा के मुख्य सचेतक पद से कमाल अख्तर ने दिया इस्तीफा
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता कमाल अख्तर ने विधानमंडल के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया है. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी बातें खुलकर रखीं. लेकिन विवाद को सुलझाने के लिए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा.

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद की कांठ विधानसभा सीट से विधायक कमाल अख्तर ने विधानमंडल के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) पद से इस्तीफा दे दिया है. बता दें, उनके इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. हालांकि कमाल अख्तर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर दिया है और उनके आदेश का पालन करना उनकी जिम्मेदारी है.
लगातार मतभेद की हो रही चर्चा
वहीं कमाल अख्तर का इस्तीफा ऐसे समय में सामने आया है, जब मुरादाबाद में पार्टी संगठन के भीतर गुटबाजी और नेताओं के बीच मतभेद की लगातार चर्चा की जा रही है. दरअसल पिछले कुछ समय से मुरादाबाद से सांसद रुचि वीरा और कमाल अख्तर के बीच राजनीतिक खींचतान की खबरें सामने आ रही थीं, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए हाल ही में लखनऊ में पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में बैठक भी आयोजित की गई थी.
विवाद के बाद अखिलेश यादव ने किया हस्तक्षेप
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी बातें खुलकर रखीं. विवाद को सुलझाने के लिए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा. इस दौरान बैठक में राज्यसभा सांसद जावेद अली, पूर्व विधायक यूसुफ अंसारी, जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव और सांसद प्रतिनिधि खुशनूद अली समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे. बैठक के बाद माना जा रहा था कि मतभेद दूर हो गए हैं लेकिन कमाल अख्तर के इस्तीफे ने एक बार फिर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है.
कब हुए थे मुख्य सचेतक नियुक्त
कमाल अख्तर को जुलाई 2024 में समाजवादी पार्टी का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया था. बता दें, यह जिम्मेदारी उन्हें उस समय सौंपी गई थी, जब तत्कालीन मुख्य सचेतक मनोज कुमार पांडेय ने पद छोड़ दिया था. राज्यसभा चुनाव के दौरान मनोज पांडेय के पार्टी लाइन से अलग रुख अपनाने और बाद में इस्तीफा देने के बाद यह पद रिक्त हो गया था, जिस पर पार्टी नेतृत्व ने कमाल अख्तर को जिम्मेदारी सौंपी थी.
अब उनके इस्तीफे के बाद मुख्य सचेतक का पद एक बार फिर खाली हो गया है. फिलहाल पार्टी की ओर से इस पद पर नए नाम की घोषणा नहीं की गई है. हालांकि इस फैसले के बाद सभी की नजरे इसी पर टिकी हुई है कि अब पार्टी की ओर से इस पद पर किसे नियुक्त किया जाता है.


