लखनऊ: उत्तर प्रदेश में महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक माहौल तेज होता नजर आ रहा है, जहां सरकार इस मुद्दे को बड़े स्तर पर आगे बढ़ा रही है. लखनऊ में आयोजित ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ के जरिए इस अभियान को नई दिशा दी गई, जिसकी अगुवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की. यह पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर विधानसभा तक पहुंची, जिसमें हजारों महिलाओं ने भाग लिया. इस दौरान डिप्टी सीएम, मंत्री और कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे. तेज गर्मी के बावजूद महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने इस पहल को और मजबूत बना दिया. सरकार इस अभियान के जरिए महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता देने का संदेश दे रही है.