लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक अनोखी घटना देखने को मिली है. योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय कुमार ने आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा की तस्वीर की आरती उतारी और उनकी पूजा-अर्चना की. उन्होंने राघव चड्ढा को देश के लिए वंदनीय नेता बताया.
कुंवर अजय कुमार ने राघव चड्ढा की फोटो के सामने तिलक लगाया, आरती उतारी और उनके दीर्घायु व अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि आज देश को राघव चड्ढा जैसे ईमानदार और जनता के हित की आवाज उठाने वाले नेताओं की बहुत जरूरत है. ऐसे नेता बहुत कम होते हैं, इसलिए उन्होंने उनकी तस्वीर की पूजा की.
कुंवर अजय कुमार ने कहा कि जो नेता गरीबों, मध्यम वर्ग और आम लोगों के मुद्दों को उठाता है, वह पूजनीय होता है. उन्होंने अन्य नेताओं से अपील की कि वे राघव चड्ढा से सीख लें. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी खुद ‘आम आदमी’ की आवाज उठाने वाले राघव चड्ढा पर कार्रवाई कर रही है. यह पार्टी आम जनता को गुमराह कर रही है.
योगी यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि वे राघव चड्ढा का समर्थन करते हैं. जल्द ही वे उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपना समर्थन देंगे. उन्होंने जनता से भी आह्वान किया कि ऐसे सच्चे नेताओं का साथ दें और उन्हें अकेला न छोड़े.
कुंवर अजय कुमार ने कहा कि आज टैक्स के नाम पर मध्यमवर्गीय परिवारों और मजदूरों का शोषण हो रहा है. निजी अस्पताल और स्कूल भी लोगों से ज्यादा पैसे वसूल रहे है. राघव चड्ढा इन मुद्दों को बार-बार उठाते रहे है. उनके खिलाफ कार्रवाई करना गलत है.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया है. उनकी जगह पंजाब के सांसद अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. पार्टी में चड्ढा के शीर्ष नेतृत्व से कथित मतभेदों की चर्चा चल रही थी. योगी यूथ ब्रिगेड का यह अनोखा समर्थन राघव चड्ढा को राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा है. First Updated : Sunday, 05 April 2026