दिल्ली से लेकर राजस्थान तक गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी, इन राज्यों में IMD का येलो अलर्ट जारी
मार्च खत्म होने से पहले उत्तर भारत में मौसम ने करवट ले ली है. दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी है. अप्रैल के शुरुआती दिनों में भी मौसम अस्थिर बना रहने की संभावना है.

नई दिल्ली: मार्च खत्म होने को है, लेकिन मौसम का मिजाज अब भी बदला-बदला नजर आ रहा है. गर्मी की दस्तक के बीच अचानक हो रही बारिश और तेज हवाएं लोगों को राहत भी दे रही हैं और हैरान भी कर रही हैं. दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आज फिर मौसम करवट लेने वाला है, जिससे आने वाले दिनों में भी मौसम का खेल जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.
मौसम विभाग ने गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ येलो अलर्ट जारी किया है. आज अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच रहेगा. इतना ही नहीं, 31 मार्च को भी बारिश की संभावना जताई गई है. अप्रैल की शुरुआत यानी 1 से 4 अप्रैल तक मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा. इस दौरान कभी धूप तो कभी बादल और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
आसपास के राज्यों पर भी असर
दिल्ली में बदलते मौसम का असर पड़ोसी राज्यों- पंजाब और हरियाणा में भी साफ देखने को मिलेगा. इन दोनों राज्यों में आज गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. 31 मार्च को तेज हवाओं के साथ येलो अलर्ट रहेगा. हालांकि 1 और 2 अप्रैल को मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन 3 और 4 अप्रैल को फिर से बारिश और तेज हवाओं का दौर लौट सकता है.
पहाड़ी इलाकों में ज्यादा असर
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का असर और ज्यादा देखने को मिल रहा है. यहां तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 3 और 4 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में भी मौसम अस्थिर रहेगा. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हालात और गंभीर हो सकते हैं, जहां भारी बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और 2-3 अप्रैल को भी मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है.
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी चेतावनी
राजस्थान के कई हिस्सों में भी आज और 31 मार्च को बारिश और गरज-चमक की संभावना है. मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में येलो अलर्ट जारी किया है. अप्रैल के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश जारी रह सकती है. वहीं उत्तर प्रदेश में भी आज कई जिलों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. हालांकि कुछ इलाकों में गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन 3 अप्रैल को एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत हैं.


