बंगाल चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की जारी, ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदीप प्रसाद को मैदान में उतारा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 294 में से 284 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. जिसमें खुलासा हुआ है कि बहरामपुर विधानसभा क्षेत्र से अधीर रंजन और मौसम नूर मालतीपुर से चुनाव लड़ेंगे.

Sonee Srivastav

West Bengal Assembly elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस पार्टी ने 284 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें है. कांग्रेस इस बार अकेले चुनाव लड़ रही है. अभी 10 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए गए हैं. पार्टी ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं को भी इस बार विधानसभा चुनाव में उतारने का फैसला किया है.

अधीर रंजन चौधरी 30 साल बाद लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद अधीर रंजन चौधरी को लंबे समय बाद विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका मिला है. उन्हें बहरामपुर सीट से टिकट दिया गया है. लगभग 30 साल बाद अधीर रंजन चौधरी विधायक बनने के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगे. उनके नाम की घोषणा से पहले ही इसकी अटकलें लगाई जा रही थी.

अन्य प्रमुख उम्मीदवार

कांग्रेस ने मौसम नूर को मालतीपुर सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है. इसके अलावा पार्टी ने कई अन्य सीनियर नेताओं को भी टिकट दिए हैं. ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट पर कांग्रेस ने प्रदीप प्रसाद को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं, भाजपा ने इस सीट पर सुवेंदु अधिकारी को टिकट दिया है. ऐसे में भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी, सुवेंदु अधिकारी और प्रदीप प्रसाद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है.

कांग्रेस का अकेला चुनाव

यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ रही है. पार्टी का मानना है कि इस बार वह अपनी ताकत बढ़ाने और जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही है. कांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची जारी करके साफ संकेत दिया है कि वह 2026 के विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी के साथ उतर रही है. हालांकि, 10 सीटों पर अभी नाम घोषित नहीं होने से इन सीटों पर अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा.

राज्य की राजनीति में इस समय त्रिकोणीय लड़ाई की चर्चा जोरों पर है. ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और कांग्रेस के बीच होने वाला यह मुकाबला पश्चिम बंगाल की सियासत को और दिलचस्प बनाने वाला है. अधीर रंजन चौधरी जैसे अनुभवी नेता को मैदान में उतारकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति को मजबूत करने की कोशिश की है. अब देखना यह होगा कि कांग्रेस के इन उम्मीदवारों को जनता कितना समर्थन देती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो